आगरा में 25 गज जमीन के लिए खूनी संघर्ष, पुलिस के सामने फौजी के भतीजे की हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के महुआ खेड़ा में शनिवार को विवादित जमीन की पैमाइश के दौरान बवाल हो गया। 25 गज जमीन से कब्जा हटाने पर पुलिस के सामने एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग कर दी। इससे पुलिसकर्मी और तहसील कर्मी भाग खड़े हुए।
हमलावरों ने बल्लम से प्रहार करके एक युवक की हत्या कर दी, जबकि पांच लोगों को फावड़े और फरसे मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा। तब तक हमलावर भाग खड़े हुए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
ताजगंज के महुआ खेड़ा निवासी सूबेदार हरिओम सिंह पुत्र सरदार सिंह ने मार्च में घर के पास ही एक बीघा पांच बिस्वा खेत खरीदा था। खेत के बगल में नवल सिंह पुत्र तेज सिंह का मकान है। आरोप है कि खेत में से 50 गज जमीन पर नवल सिंह ने कब्जा कर लिया।
फायरिंग होते ही पुलिसकर्मी भागे
हरिओम ने एसएसपी से शिकायत की। शनिवार को थाना दिवस में कागजात देखने के बाद लेखपाल भीमसेन, नरायन दत्त शर्मा, तोरा चौकी के दरोगा रोमित कुमार आर्य सहित तीन सिपाही और चालक गांव पहुंचे थे। लेखपाल ने पैमाइश शुरू कर दी।
इसके बाद तय हुआ कि 25 गज जमीन पर नवल सिंह का कब्जा रहेगा, जबकि बाकी जमीन से कब्जा मुक्त होगा। यह सुनने के बाद नवल सिंह पक्ष भड़क गए। उन्होंने घर के अंदर से फायरिंग कर दी। फायरिंग होते ही पुलिस कर्मी और लेखपाल जान बचाकर दूर भाग गए।
नवल सिंह पक्ष ने हरिओम के भाई राजवीर सिंह, भतीजे बृजेश (26), शेर सिंह, कृष्णकांत, संजू, भाभी मुन्नी देवी पर फावड़े, फरसे और बल्लम से हमला बोल दिया। बृजेश की बल्लम से प्रहार करके हत्या कर दी। वहीं अन्य को भी फरसे और फावड़े मारे।
सूचना पर क्षेत्र के तीनों थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। एसएसपी अमित पाठक, एसपी सिटी प्रशांत वर्मा भी आ गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल और एसएन मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी भेजा। वहीं नवल सिंह पक्ष के तकरीबन 12 लोगों को हिरासत में ले लिया।
12 नामजद के खिलाफ मुकदमा
सीओ सदर विकास जायसवाल ने बताया कि मामले में 12 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें नवल सिंह, मुकुंद सिंह, मुल्तान सिंह, ख्यालीराम उर्फ नरायन सिंह, रामनरेश, कमलेश कुमारी पत्नी हरीबाबू, गुड्डी देवी पत्नी नवल सिंह, राज बहादुर, नीरज, ब्रजेश, हरीबाबू को नामजद किया गया है।
वहीं मुकुल, रामनरेश, राजबहादुर और नवल सिंह पर हत्या का आरोप है, जबकि बाकी अन्य पर हमले का। उधर, एसएसपी ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं जमीन से नवल सिंह का कब्जा भी हटा दिया गया है।