फिरोजाबाद: पीएनबी के शाखा प्रबंधक की दूसरी पत्नी की गोली मारकर हत्या
- मृतका के पुत्र ने पिता और सौतेले भाई पर लगाया आरोप, रिपोर्ट दर्ज, दोनों आरोपी फरार
विस्तार
फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद की रमेश नगर (बैंक कॉलोनी) में शनिवार रात पंजाब नेशनल बैक (पीएनबी) के शाखा प्रबंधक की दूसरी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका के पुत्र ने पिता और सौतेले भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी फरार हैं। हत्या के पीछे परिवार की कलह बताई गई है।
रमेश नगर (बैंक कॉलोनी) निवासी आशाराम दूसरी पत्नी विनीता (45) और दो पुत्र सुमित और अंकित के साथ रहते हैं। आशाराम फिरोजाबाद स्टेशन रोड स्थित पीएनबी की शाखा में प्रबंधक के पद पर तैनात हैं। उनकी पहली पत्नी की 25 वर्ष पूर्व मौत हो गई थी।
विनीता के पुत्र अंकित का कहना है कि शनिवार रात 11 बजे पिता (आशाराम) और मां (विनीता) में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शोरगुल सुनकर वह भी उनके कमरे में आ गया। तभी पिता ने दूसरे कमरे में सो रहे सुमित भैया (आशाराम की पहली पत्नी का पुत्र) को आवाज दी।
बेटे ने कमरे में छिपकर बचाई जान
आरोप है कि सुमित हाथ में तमंचा लेकर कमरे में आया और उस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। वह किसी तरह जान बचाकर घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में जाकर छिप गया। भाई सुमित और पिता आशाराम ने मिलकर उसकी मां विनीता (45) की गोली मारकर हत्या कर दी और मुख्य गेट का ताला लगाकर फरार हो गए।
अंकित ने एसएसपी कार्यालय को फोन कर घटना की जानकारी दी। रात पौने 12 बजे एसएसपी अजय कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर पुलिस घर के अंदर घुसी। कमरे में विनीता का खून से लथपथ शव पड़ा था।
अंकित की तहरीर पर पुलिस ने उसके सौतेले भाई सुमित और पिता बैंक प्रबंधक आशाराम के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी अजय कुमार का कहना है हत्या के पीछे कारण परिवार की कलह है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।