मथुरा में पुलिस पर हमला, बाइक छोड़ जान बचाकर भागे सिपाही, जुआरी को छुड़ा ले गई भीड़
- कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मनोहरपुरा में स्लोटर हाउस वाली गली में हुई घटना
- थाना गोविंद नगर पुलिस के दो सिपाही जुआरी को पकड़ कर ले जा रहे थे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मनोहरपुरा में शुक्रवार दोपहर जुआ खेलने के आरोपी को पकड़ कर ला रहे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। मारपीट भी की गई। पुलिसकर्मी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर जान बचाकर भागे। पकड़े गए आरोपी को भी लोगों ने छुड़ा लिया। बाद में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस हमला करने वाले लोगों की तलाश में जुटी है।
थाना गोविंद नगर के दो पुलिसकर्मी हरिओम और अनिरुद्ध शुक्रवार की दोपहर तकरीबन दो बजे कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मनोहरपुरा के स्लोटर हाउस वाली गली में मोटरसाइकिल से पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने वहीं रहने वाले एक व्यक्ति को पकड़ा और मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाने लगे।
आरोपी के साथियों और स्थानीय लोगों ने इसका विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। दोनों पुलिसकर्मियों से मारपीट कर दी। इस दौरान पकड़े गए व्यक्ति को उसके साथी छुड़ाकर ले गए। दोनों पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल छोड़कर जान बचाकर भागे। पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी।
सूचना मिलते ही फोर्स के साथ एसपी सिटी उदय शंकर सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़ा गया व्यक्ति वांछित नहीं था। जुआ खेलने की सूचना पर पुलिसकर्मी वहां पहुंचे थे। इस दौरान घटना हुई। पुलिस पर हमला करने वाले लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रहे हैं।
दूसरे थाने के हैं पुलिसकर्मी
जिन पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ, उनकी तैनाती थाना गोविंद नगर में है। घटना स्थल कोतवाली क्षेत्र में है। गोविंद नगर थाने के सिपाहियों का कोतवाली क्षेत्र में जुआ पकड़ने जाने की चर्चा है। स्लोटर हाउस वाली गली संवेदनशील इलाका है। इस इलाके में दूसरे थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मियों का जाना अधिकारियों को भी हजम नहीं हो रहा। हालांकि कोई अधिकारी भी इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।