आगरा में लगातार बढ़ रहीं वारदात, लोगों की गुहार, बेटियों की सुरक्षा के लिए कुछ कीजिए सरकार
आगरा के लालऊ में संजलि को जिंदा जला दिया गया। न्यू आगरा में बीटेक की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। बरहन में कॉलेज में घुसकर छात्राओं से छेड़छाड़ की गई। और अब अछनेरा में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म कर जिंदा जलाने की कोशिश की गई।
घटनाएं लगातार हो रही हैं। पुलिस जो खुलासे कर रही है, उस पर भी उंगली उठ रही है। संजलि कांड में भी ऐसा ही हुआ है। आज ताजनगरी में आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने यह मुद्दा भी उठेगा। गुरुवार को भी घटनाओं का सिलसिला जारी रहा।
गुस्से में ग्रामीण, अछनेरा थाना घेरा
अछनेरा में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की घटना से गांव के लोग उबल गए। उन्होंने रात नौ बजे अछनेरा थाना घेर लिया। पता चलने पर पुलिस के अधिकारी पहुंच गए। लोगों ने कहा कि आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए।
किशोरी बुरी तरह सहमी है। उसके पिता बार-बार यही कहे जा रहे थे कि घर में शादी की तैयारी चल रही थी। यह वारदात हो गई तो सब डरे हुए हैं। सोच रहे हैं कि अब शादी कैसे हो पाएगी। लोगों ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक घटना है। इसमें कार्रवाई करने में देरी नहीं होनी चाहिए।
पंचायत घर में किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास
शमसाबाद के एक गांव की रहने वाली किशोरी बुधवार दोपहर दो बजे घर से एक दुकान से स्कूल की कॉपी खरीदने जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में पंचायत घर पर एक प्रधान का पुत्र सहित चार लोग बैठे थे। प्रधान पुत्र ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत खुले में शौच मुक्त ग्राम योजना के फार्म देने के लिए बुलाया।
जब किशोरी पंचायत घर के कार्यालय में गई तो युवक ने कमरा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद दुष्कर्म की कोशिश भी की। आवाज सुनकर ग्रामीण जुट गए। परिजन भी आ गए। दो घंटे तक किशोरी को कमरे में बंद रखा। बाद में गांव के लोगों के कहने पर छोड़ा।
पीड़ित थाना शमसाबाद में शिकायत करने गए, लेकिन पहले से ही आरोपी पक्ष भी बैठे थे। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं होने दी। धमकी भी दी। सादा कागज पर हस्ताक्षर भी करा लिए। राजीनामा होने की बात कहते हुए थाने से भगा दिया। पीड़ित किशोरी परिजनों के साथ गुरुवार को एसएसपी ऑफिस पहुंचे।
एसएसपी ने कार्रवाई की मांग की। मामले में जांच के आदेश किए गए।एसपी पूर्वी नित्यानंद राय ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश कर दिए हैं। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों में प्रधान पुत्र भी शामिल बताया गया है।
कॉलेज में घुसकर छेड़छाड़ करने के दो आरोपी गिरफ्तार
बरहन कस्बे के एक इंटर कॉलेज में घुसकर छात्राओें से छेड़छाड़ एवं शिक्षक से मारपीट करने के दो आरोपियों को पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने तीसरे युवक के मामले में शामिल होने से इनकार कर रही है।
बुधवार को एक बाइक पर कालेज आए तीन युवकों ने 12 वीं क्लास की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की थी। शोर मचने पर कक्षा के बाहर से जा रहे एक शिक्षक ने मनचलों को पकड़ने का प्रयास किया तो युवकों ने शिक्षक को भी पीट दिया। पुलिस ने इन युवकों की बाइक कब्जे में ले ली थी।
पुलिस ने देर रात दबिश देकर दो युवकों अनुराग व अंकित धाकरे निवासी खेड़ी थाना बरहन को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को शांति भंग की धारा में इनका चालान कर एसडीएम एत्मादपुर कोर्ट में पेश किया था। जहां से दोनों को 14 दिन के लिए जेल भेजा गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के समय तीन युवक मौके पर थे, लेकिन उनमें से एक युवक कालेज में किसी कार्य से आया था। उसका घटना से कोई संबंध नहीं था। वहीं गुरुवार की देर शाम मामले में कालेज प्रशासन की तरफ से तहरीर भी दी गई।