एमबीए, बीए पास चला रहे थे वाहन चोरी का गैंग
एसएसपी दिनेश चंद दुबे ने पुलिस लाइन में मीडिया को इस खुलासे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार वाहन चोर उर्खरा का राजीव, टीला बालूगंज के असगर और मोहिद, नई बस्ती बालूगंज का नसरूद्दीन, धौलपुर के मनिया का अशोक उर्फ आर्यन, छीपीटोला का सोनू उर्फ विवेक जैन, सदर के इन्द्रापुुरम का आशीष हैं। इनमें आशीष ने खुद को एमबीए बताया है।
उसका कहना है कि वह एनएच-2 पर रुनकता के पास स्थित एक कॉलेज से एमबीए पास है। गैंग का सरगना राजीव है। उसने बताया है कि वह शमसाबाद रोड स्थित एक डिग्री कॉलेज से बीए पास है। इस गिरोह से बरामद वाहनों में सात मोटरसाइकिल, चार एक्टिवा मिले हैं। इनके अलावा मोटरसाइकिलों और एक्टिवा के इंजन, बॉडी, टंकी, पहिए मिले हैं। ऐसे वाहनों की संख्या 89 है। बदमाशों से तमंचे और कारतूस भी मिले हैं। एक मास्टर चाभी बरामद हुई है जिससे वाहनों के लॉक खोल उन्हें चोरी किया जाता था।
इन्द्रापुरम में खोल रखा था वाहनों का कमेला
आगरा। एसएसपी ने बताया कि यह गिरोह वाहनों को काटकर उन्हें पार्ट्स बेचने का काम करता है। गिरोह के सदस्य आशीष ने इंद्रापुरम में गोदाम बना रखा है। इसमें चोरी के वाहन काटे जाते थे। यहां से चोरी की मोटरसाइकिलें मिली हैं। चोरी के वाहनों के पार्ट्स भी मिले हैं।