आगरा: खीर-पूड़ी खिला 26 लोगों को बेहोश कर जेवरात और रुपये ले गए, ग्राहक बनकर आए दो बदमाश
ईदगाह कटघर में खाली स्थान में लोहपीट समाज के लोग रहते हैं। इनमें शेखर, राकेश, गटुआ और विक्की की झोपड़ी नजदीक ही हैं। उनके परिवार में 35 से ज्यादा लोग हैं।
विस्तार
आगरा में ईदगाह कटघर में मंगलवार को ग्राहक बनकर आए दो युवकों ने झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोहपीट समाज के लोगों को खीर-पूड़ी, सब्जी खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद जेवरात और रुपये ले गए। बुधवार सुबह परिवार के कुछ लोगों के होश में आने पर घटना की जानकारी हो सकी। इस पर पुलिस पहुंच गई। 15 लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाकी को कुछ देर बाद होश आ गया था। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
ईदगाह कटघर में खाली स्थान में लोहपीट समाज के लोग रहते हैं। इनमें शेखर, राकेश, गटुआ और विक्की की झोपड़ी नजदीक ही हैं। उनके परिवार में 35 से ज्यादा लोग हैं। समाज के लोग लोहे की सब्बल, तसला, फावड़ा आदि सामान बेचते हैं। विक्की ने पुलिस को बताया कि मंगलवार दोपहर में दो युवक आए। उन्होंने कहा कि सब्बल और तसला खरीदना है। वह मकान बनवा रहे हैं। इनके रुपयों को लेकर बात की। उन्हें 500 रुपये दे दिए। यह भी कहा कि वह मकान बनवाने की खुशी में खाना बांटेंगे। खाना बनवाने को लेकर बात करने लगे। इस पर उन्हें सामने ही हलवाई नानकचंद के पास भेज दिया। जहां उन्होंने खाना बनवाया।
शाम को सात बजे खाने के पैकेट बांटकर गए, जिसे खाने के बाद होश नहीं रहा। बुधवार सुबह होश भी आया, लेकिन 15 लोग उठ नहीं पा रहे थे। इस पर पुलिस को सूचना दी। तीन महिलाओं के लॉकेट, बाली सहित रुपये चोरी हो गई थीं। पुलिस ने खाने का सैंपल लिया है, जिससे जांच कराई जा सके।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि युवकों ने सब्बल और तसला खरीदने के बाद कहा था कि मकान बनवाने की खुशी में गरीबों को भोजना कराना है। इसलिए आप लोगों को खिला देंगे। इसके लिए हलवाई से खाना बनवाने की बात करने लगे। विक्की ने युवकों को पास ही स्थित नानकचंद हलवाई के पास भेज दिया।
नानकचंद से दोनों ने 50 लोगों के खाने के बारे में बात की। खीर, पूड़ी और सब्जी का आर्डर दे दिया। हलवाई ने 2500 रुपये तय कर लिए। इस पर वो एक हजार रुपये एडवांस में देकर चले गए। शाम तकरीबन छह बजे हलवाई के पास फिर पहुंचे। एक युवक अपने साथ बूरा, मेवा लाया। उसने कहा कि खीर में मिला देना।
वहीं आटे में मिलाने के लिए बेसन और अजवाइन भी दिया। हलवाई ने दोनों चीजें मिला दीं। उन्होंने खुद भी खाई। अपनी बेटी और रिश्तेदार को भी खिला दी। इससे तीनों बेहोश हो गए। वहीं लोहपीट समाज के लोगों को भी खाने के बाद नींद आने लगी। इसके बाद परिवार के लोगों को होश नहीं रहा। सुबह ही कुछ लोगों को होश आया। चोरों ने पूजा पत्नी गटुआ, सुनीता पत्नी शेखर, मंजू पत्नी रमेश के जेवरात उतार लिए।
स्मार्ट सिटी का कैमरा खराब, नहीं मिले फुटेज
सीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है। जिस स्थान पर हलवाई की दुकान है। वहां पर स्मार्ट सिटी का कैमरा लगा है। इस पर एक टीम को स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम में भेजा गया। मगर, कैमरा खराब होने की वजह से फुटेज नहीं मिल सके। अब इलाके में लगे अन्य कैमरों के फुटेज को देखा जा रहा है, जिससे आरोपियों की पहचान हो सके। इस मामले में थाना सदर में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
जहरखुरानी करने वाले हैं जानकार
पुलिस ने बताया कि लोहपीट समाज के लोग मूलरूप से राजस्थान के चित्तोड़ के रहने वाले हैं। वह झुग्गी-झोपड़ी में रहते हैं। उनके पास जेवरात के नाम पर ज्यादा कुछ नहीं था। ऐसे में उन्हें बेहोश करने जेवरात और रुपये ले जाने वाला कोई जानकार ही हो सकता है।
यह हैं नाम
विमला पत्नी रमेश, रमेश पुत्र गौरीशंकर, मंजू पत्नी रमेश, अर्जुन पुत्र मिक्की, पूजा पत्नी गटुआ, भिक्की पुत्र गौरीशंकर, कमले पत्नी भिक्की, अंजली पुत्री भिक्की, संदीप पुत्र गटुआ, रमेश पुत्र राजू, अरुण पुत्र रमेश, सपना पुत्री रमेश, करीना पुत्री रमेश, पाला पुत्र गुलाब, नानकचंद पुत्र पातीराम, सतीश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा 11 लोग भी बेहोश हुए, जिन्होंने खाना कम खाया था। इस वजह से जल्दी होश आ गया।
आगरा कोरोना वायरस: अनलॉक होते ही बढ़ा संक्रमण, 422वीं मौत, 24 घंटे में दोगुने बढ़े मरीज