आगरा में कोरोना: एक और मरीज की मौत, 71 नए संक्रमित मिलने से 6241 पर पहुंचा आंकड़ा
जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि खंदारी निवासी 65 वर्षीय निमोनिया रोगी की मौत से संक्रमित मृतकों की संख्या 130 हो गई है। निमोनिया रोगी संक्रमित होने के बाद रवि हॉस्पिटल में भर्ती था, जहां उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 71 नए मरीज और मिलने से कुल संक्रमितों का आंकड़ा 6241 पहुंच गया। इनमें 5538 मरीज ठीक हो गए हैं। 573 संक्रमितों का उपचार चल रहा है। जिले में कुल 2,12,684 के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
नए मामलों में पंचशील भावना टॉवर में रहने वाले एक ही परिवार के तीन सदस्य कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें पांच साल का बच्चा और दो युवतियां शामिल हैं। काला महल, नटराजपुरम कमला नगर, न्यू आदर्श नगर, लोहामंडी, बरहन के नगला छबीला और नगला बली में भी कोरोना का एक-एक मरीज मिला है।
किरावजली, विभव नगर, राहुल नगर, डौकी, न्यू शाहगंज, भगवान नगर बल्केश्वर, कटरा उमान खां ताजगंज, राजामंडी, ईदगाह रेलवे स्टेशन, लंगड़े की चौकी, सिरकी मंडी, भावना एस्टेट सिकंदरा, राधाविहार कमला नगर, कुंडौल, बेलनगंज, नारायण विहार सिकंदरा, आगरा कैंट और शमसाबाद आदि में कोरोना के मरीज मिले हैं।
141 टीमों ने किया स्वास्थ्य सर्वे
स्वास्थ्य विभाग की 141 टीमों ने शुक्रवार को बल्केश्वर, यमुनापार, कमला नगर, दयालबाग, आवास विकास कॉलोनी, सिकंदरा, शास्त्रीपुरम, शाहगंज, बोदला, दहतौरा, सदर, ताजगंज, शमसाबाद, फतेहाबाद, राजपुर चुंगी, शहीद नगर और जीवनीमंडी के 11880 घरों के 45626 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर तापमान मापा। बुखार-खांसी और गले में खराश वाले लोगों की कोरोना वायरस की जांच भी कराई गई।