Corona in Agra: ताजनगरी में 41 नए मरीज और मिले, कुल आंकड़ा 8200 पार
राहत की बात यह है कि सोमवार को किसी मरीज की मृत्यु नहीं हुई। जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि 69 मरीज और ठीक होने से कुल 7479 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 527 मरीज उपचाराधीन हैं। जिले में 3.09 लाख लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
यहां मिले मरीज
नए मरीजों में कमला नगर, बल्केश्वर स्थित कॉन्वेंट स्कूल के संचालक और उनका परिवार भी शामिल हैं। ये लोग होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने खुद के संपर्क में आए लोगों से भी एहतियात बरतने और जांच कराने की अपील की है। जयपुर हाउस और नौलक्खा सदर बाजार में में एक ही परिवार के दो-दो लोग संक्रमित हो गए हैं।
न्यू आगरा, मारुति इस्टेट, एत्मादपुर, जयपुर हाउस, सिकंदरा, ताजगंज, नाई की मंडी, बिल्लोचपुरा, धुमरी, हंसोर, जैतपुर बाह, शिव विहार कॉलोनी, कुबेरपुर, रकाबगंज, कोतवाली, स्वामी बाग, बल्केश्वर,सेवला जाट और रोहता में भी कोरोना वायरस के नए मरीज मिले हैं। बाह में नौ और एसएन कॉलेज में भर्ती 13 साल के दो बच्चों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
लापरवाही के कारण युवाओं में बढ़ा खतरा
शुरुआती सप्ताह में 18 से 35 साल की उम्र के रोजाना 15 से 20 मरीज मिल रहे थे, लेकिन बीते 10 दिन पहले की बात करें तो इनकी दर डेढ़ गुना तक बढ़ गई है। इनकी पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद सर्विलांस टीम ने कांटेक्ट हिस्ट्री जानी तो इसमें युवाओं ने दोस्तों के साथ झुंड में रहना, पार्टी करना और बाजार में बिना मास्क के खरीदारी और घूमने की वजह बताई।
सर्विलांस टीम के डॉ. नंदन सिंह ने बताया कि ऐसे युवा भी रहे, जो मास्क लगाना और कोरोना के वजूद को भी नकारते थे, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अपनी गलती का एहसास भी हुआ।