आगरा में कोरोना: चिकित्सक समेत 30 नए मरीज मिले, सक्रिय मामलों की संख्या 323
आगरा में सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 30 नए मरीज मिले। 42 मरीज ठीक भी हुए हैं। जिले में कुल मरीजों का अब आंकड़ा 9881 पर पहुंच गया है। नए मरीजों में एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक और तीन कर्मचारी शामिल भी हैं। दो किशोर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मुगल रोड स्थित एक परिवार के दो सदस्य संक्रमित मिले हैं।
जिलाधिकारी प्रभु एन. सिंह ने बताया कि 3.92 लाख से ज्यादा लोगों की कोरोना जांच में कुल 9881 केस मिले हैं। इनमें 9347 मरीज ठीक हो चुके हैं। 169 मरीजों की मौत हुई है। पिछले 48 घंटे से किसी नए रोगी की मृत्यु नहीं हुई। 323 मरीजों का उपचार चल रहा है। राहत की बात यह है कि दिसंबर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम हुई है। स्वस्थ होने की दर बढ़ी है।
चिकित्सकों ने आशंका जाहिर की थी कि दिसंबर में कोरोना की तीसरी लहर आ सकती है। यह पहली और दूसरी से तेज हो सकती है। राहत की बात यह है कि ऐसा हुआ नहीं। दिसंबर में अब तक नवंबर के मुकाबले कोरोना संक्रमण के नए मामलों में कमी आई है। जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना संक्रमण की दर घटी है, लेकिन लोगों को सतर्कता नहीं छोड़नी चाहिए।
यहां मिले नए मरीज
शहीद नगर, भगवान नगर बल्केश्वर, मंगलम विहार, सुभाष नगर, आलमगंज, सेक्टर सात आवास विकास कॉलोनी, सेवला जाट, वेस्ट अर्जुन नगर, नई आबादी नरायच, भावना एस्टेट सिकंदरा, देवरी रोड, सुमन नगर बोदला, कैलाश विहार खंदारी, फाउंड्री नगर, नार्थ ईदगाह कॉलोनी, लादूखेड़ा और मनोहर गार्डन सिकंदरा में भी कोरोना के मरीज मिले हैं।
33 लोगों की जांच के लिए नमूने लिए
स्वास्थ्य विभाग की 92 टीमों ने दयालबाग, कमला नगर, बल्केश्वर, आवास विकास कॉलोनी, शास्त्रीपुरम, बोदला, शाहगंज, ताजगंज और सिकंदरा में 5430 घरों के 25587 लोगों का तापमान और रक्त में ऑक्सीजन की मात्रा मापी।
बुखार-खांसी, गले में खराश और सांस फूलने के बारे में पूछा। इस दौरान 33 लोगों में कोरोना संक्रमण की आशंका पर उनकी जांच के लिए नमूने लिए गए। इनको होम क्वारंटीन किया गया है। आइवरमेक्टिन, मल्टी विटामिन दवा भी बांटी।