आगरा में कोरोना: संक्रमित 10 हजार के पार, चार माह में मिले 7495 मरीज, दिसंबर में घटी रफ्तार
- आगरा में शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 33 नए मरीज मिले। इससे कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 10 हजार के पार पहुंच गया है। राहत की बात यह है कि इनमें 95 फीसदी से ज्यादा कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं। दिसंबर में संक्रमण की रफ्तार भी कम हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में 10 महीने में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 10 हजार के पार हो गया है। इसमें सबसे तेज दर चार महीनों (अगस्त, सितंबर, अक्तूबर और नवंबर) में रही। इस दौरान 7495 मरीज मिले। बाकी के छह महीनों में 2533 मामले सामने आए। शनिवार को 33 और संक्रमित मिलने के बाद मरीजों की संख्या 10,028 हो गई है।
कोरोना वायरस का पहला मरीज दो मार्च को खंदारी में जूता कारोबारी का परिवार मिला था। शुरुआत के पहले महीने (मार्च) में महज 12 मरीज मिले थे। अप्रैल में 441, मई और जून में संक्रमण की दर कम हुई। जुलाई में 566 मरीज मिले।
अगस्त में इससे दोगुने मरीज मिले और सितंबर में तो कोरोना चरम पर पहुंच गया। इस महीने सबसे ज्यादा 2818 मामले सामने आए। अक्तूबर में संक्रमण 50% कम हुआ और नवंबर में संक्रमण की दर फिर बढ़ी और 2004 संक्रमित पाए गए। दिसंबर में संक्रमण की दर में फिर कमी आई है।
ऐसे बढ़ी कोरोना वायरस की चेन
जूता कारोबारी के बाद भगवान टॉकीज, वाटर वर्क्स और नामनेर चौराहे पर स्थित अस्पतालों में भर्ती मरीज संक्रमित हो गए। इन मरीजों से देहातों तक संक्रमण पहुंचा। तीसरे दौर में पुलिसकर्मी और सब्जी-दूध समेत फेरी वालों में संक्रमण मिला। चौथे दौर में सरकारी दफ्तर के कर्मचारी और पांचवें चरण में परिवार में सामूहिक संक्रमण के मामले मिलने लगे।
अगस्त से शुरू हुई तेज लहर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी पांडेय ने बताया कि हर महीने में कोरोना के मरीजों में अंतराल आया। लेकिन, सबसे तेज लहर अगस्त से शुरू हुई। सितंबर में सबसे ज्यादा मरीज मिले, लेकिन ट्रैकिंग, हेल्थ सर्वे और कैंप लगाकर रैपिड जांच से संक्रमण नियंत्रित करने में सफलता मिली।
महीना सैंपल संक्रमित मरीज
मार्च: 849 12
अप्रैल: 6080 441
मई: 8313 439
जून: 9293 380
जुलाई: 29684 566
अगस्त: 64771 1145
सितंबर: 73016 2818
अक्तूबर: 77235 1528
नवंबर: 84228 2004
दिसंबर 51991 695 (अब तक)