कोरोना टीकाकरण: स्वास्थ्यकर्मी बोले- महामारी को हराने के लिए रामबाण साबित होगी वैक्सीन
- टूंडला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुरू हुआ टीकाकरण
- पहले नंबर पर चीफ फार्मासिस्ट को लगाई गई कोरोना वैक्सीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शनिवार को कोरोना महामारी की जंग में टूंडला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पहला टीका चीफ फार्मासिस्ट को लगाया गया। इसके बाद टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। वैक्सीन लगने के बाद हर एक व्यक्ति को चिकित्सकों ने आधे घंटे तक ऑब्जर्वेशन में रखा। पहले तीन स्वास्थ्यकर्मियों ने अमर उजाला के साथ अपना अनुभव भी साझा किया।
सुबह 11:10 पर टूंडला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें टीका लगवाने वाले लोगों को दो-दो गज की दूरी पर खड़ा किया गया। साथ ही सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग और सैनेटाइज करने के बाद वैक्सीन लगाई गई। पहली वैक्सीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चीफ फार्मासिस्ट महाराज सिंह को लगाई गई।
दूसरी वैक्सीन स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट शैलेंद्र कुमार वर्मा एवं तीसरे नंबर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ संजीव वर्मा ने कोरोना वैक्सीन को लगवाया। इन तीनों ही स्वास्थ्य कर्मियों ने अमर उजाला से खास बातचीत कर अपना अनुभव भी साझा किया। वैक्सीन लगने के बाद आधा घंटे तक सभी को ऑब्जर्वेशन में रखा गया। जहां सभी का ब्लड प्रेशर चेक किया गया।
'वैक्सीन लगवाने के बाद आत्मविश्वास और बढ़ा'
वैक्सीन लगवाने वाले फार्मासिस्ट महाराज सिंह ने बताया कि वैक्सीन लगवाने के बाद उनका इस जंग को जीतने का आत्मविश्वास और भी अधिक बढ़ा है। इससे वह अब महामारी को हराने में अपना योगदान करेंगे। फार्मासिस्ट शैलेंद्र वर्मा ने कहा कि वैक्सीन पूरी तरीके से सुरक्षित है। इसको लगवाने के बाद किसी को भी डरने की कोई जरूरत नहीं है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉक्टर संजीव वर्मा ने वैक्सीन लगवाने के बाद अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरे देश में बहुत बड़े पैमाने पर कोरोना वायरस की जंग में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू कराकर ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम किया है। इस वैक्सीन को लगवाने में किसी भी प्रकार का कोई खतरा नहीं है।
डॉक्टर संजीव वर्मा ने कहा कि यह वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित एवं महामारी को हराने के लिए रामबाण साबित होगी। यह प्रक्रिया दो चरणों में चलेगी। हर एक व्यक्ति को दो बार टीकाकरण कराना होगा। पहली बार वैक्सीन लगवाकर उसके 28वें दिन बाद उस व्यक्ति को दूसरा टीकाकरण कराना अनिवार्य है।