मैनपुरी: 99 कोरोना मृतकों के आश्रितों को मिला मुआवजा, 83 आवेदनों की हो रही जांच
कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों के आश्रितों को यूपी सरकार ने 50-50 हजार अनुग्रह धनराशि देने का एलान किया है। इसके लिए मैनपुरी जिले में 182 कोरोना मृतक आश्रितों ने आवेदन किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना संक्रमण से मरने वाले लोगों के परिवारों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह धनराशि देने की घोषणा की गई थी। इसके लिए कोविड रिपोर्ट और मृत्यु प्रमाण पत्र के साथ आवेदन करना था।
अब तक जिले के 182 लोगों ने आवेदन किए थे। इसमें से कोविड प्रमाण पत्र और मूल निवास प्रमाण पत्र की जांच के बाद 99 लोगों के खाते में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह के अनुमोदन के बाद 50-50 हजार रुपये की धनराशि स्थानांतरित कर दी गई है।
बाकी बचे 83 आवेदनों की जांच की जा रही है। कोविड प्रमाण पत्र की जांच जहां मुख्य चिकित्साधिकारी से कराई जा रही है। वहीं मृतकों के मूल निवासी होने की जांच उप जिलाधिकारी द्वारा की जा रही है।
ये अभिलेख हैं आवेदन के लिए जरूरी
अनुग्रह धनराशि का आवेदन करने के लिए मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र, कोविड-19 रिपोर्ट, आधार कार्ड और आश्रितों के आधार कार्ड और बैंक खाते की पासबुक के साथ ही मूल निवासी प्रमाण पत्र भी अनिवार्य है। आश्रितों की संख्या एक से अधिक होने पर सभी के अभिलेख देने होंगे।
अपर जिलाधिकारी रामजी मिश्र ने बताया कि अब तक 182 आवेदनों में 99 मामलों में आश्रितों के खाते में अनुग्रह धनराशि स्थानांतरित कर दी गई है। बाकी आवेदनों की जांच चल रही है। जल्द ही उनके खातों में भी धनराशि स्थानांतरित कर दी जाएगी।