घिरोर (मैनपुरी)। मंडी समिति घिरोर में पांच आढ़तियों को मंडी शुल्क न चुकाना महंगा पड़ गया। मंडी सचिव ने लाइसेंस निलंबित कर शुक्रवार को दुकानों में ताला डाल दिया है। इस कार्रवाई से आढ़तियों में खलबली मच गई है। आढ़तियों को मंडी शुल्क जमा करने के लिए 31 मार्च तक अल्टीमेटम दिया गया है।
मंडी समिति घिरोर में पवन यादव ट्रेडिंग कंपनी, यादवेंद्र ट्रेडिंग कंपनी, एमटीएस ट्रेडर्स, श्री बिहारी ट्रेडर्स और गोविंद सिंह शाक्य ट्रेडर्स फर्में संचालित हैं। इन फर्मों पर लंबे समय से मंडी समिति का लाखों का शुल्क बकाया है। सभी पर कुल 9.40 लाख की बकाएदारी है। लगातार नोटिस के बाद भी शुल्क जमा न करने पर शुक्रवार को मंडी प्रशासन ने इनके लाइसेंस निरस्त कर दिए। वहीं मंडी सचिव विमल कुमार ने दुकानों में भी ताला डाल दिया। उन्होंने बताया कि आढ़तियों को शुल्क जमा करने के लिए 31 मार्च तक का समय दिया गया है। इसके बाद भी अगर शुल्क जमा न किया गया तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।