अमेरिका के सबसे खतरनाक कमांडो के घेरे में रहेंगे डोनाल्ड ट्रंप, होते हैं बेहद फुर्तीले
आगरा में 24 फरवरी को ताजमहल की दीदार करने आ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में अमेरिका के सबसे खतरनाक कमांडो लगाए जाएंगे।
विस्तार
ताजमहल का दीदार करने आ रहे डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में यूं तो 6000 जवान लगाए जा रहे हैं लेकिन उनके सबसे नजदीक कैट (क्लोज असॉल्ट टीम) का कमांडो दस्ता ही रहेगा। अत्याधुनिक हथियार और उपकरणों से लैस यह दस्ता ट्रंप के साथ पूरे रूट पर चलेगा।
जरूरत पड़ने पर कैट के फुर्तीले कमांडो पलक झपकते ही गोलियों की बौछार कर देते हैं। कैट कमांडों के अगले घेरे में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) के तेज तर्रार कमांडो होंगे। इनके पास भी अत्याधुनिक उपकरण होंगे।
वायुयानों की आवाजाही भी बंद रहेगी
ट्रंप का एयरफोर्स वन खेरिया पर उतरने से पहले ही आगरा के आसमान में और किसी विमान के उड़ने पर पाबंदी लगा दी जाएगी। इसे नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया जाएगा। अन्य जहाज तभी गुजर सकेंगे, जब ट्रंप दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इसके लिए प्रशासन की नागरिक उड्डयन विभाग के अफसरों से वार्ता चल रही है।
ताज के 500 मीटर में द बीस्ट को इजाजत नहीं
डोनाल्ड ट्रंप की कार द बीस्ट को ताज के 500 मीटर में जाने की इजाजत अब तक नहीं मिली है। प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि अमेरिकी अफसरों की गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय में बात चल रही है। उन्होंने कहा कि द बीस्ट के लिए अस्थायी पास जारी कर दिया जाए लेकिन बृहस्पतिवार रात तक इस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया। प्रशासन की तैयारी गोल्फ कार्ट से ही ट्रंप को ताज के गेट तक ले जाने की है।
ईरान के नागरिकों पर खास नजर
ताजनगरी के होटलों में ठहर रहने वाले एक-एक शख्स के बारे में खुफिया एजेंसियां जानकारी कर रही हैं। अमेरिकी एजेंसियों को भी यह रिपोर्ट भेजी जा रही है। अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण ईरान के नागरिकों पर खास नजर है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आगरा ही नहीं, दिल्ली में ठहरे ईरानी नागरिकों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
जैसे जैसे 24 फरवरी नजदीक आती जा रही है, वैसे वैसे सुरक्षा के नए उपकरण लाए जा रहे हैं। ताज पर एंटी यूएवी (अनमेंड एयर व्हीकल) डिफेंस सिस्टम एनएसजी की ओर से लगेगा। अब यह भी तय किया गया है कि यहां एंटी क्राफ्ट गन भी तैनात की जाएगी।