Agra: फतेहपुर सीकरी स्मारक पर अमेरिकी महिला पर्यटक से अभद्रता, बस कंडक्टर पर आरोप; कार्रवाई की मांग
आगरा में फतेहपुर सीकरी स्मारक पर अमेरिकी महिला पर्यटक से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। बस कंडक्टर पर आरोप है। महिला ने शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में अतिथि देवो भव... की भावना बुधवार को फतेहपुर सीकरी में तार-तार हो गई। अमेरिकी महिला पर्यटक से सीएनजी बस पार्किंग में टिकट क्लर्क ने अभद्रता की। पर्यटक की शिकायत पर मामले में जांच शुरू हो गई है। दूसरी तरफ, ताजमहल में भ्रमण के दौरान न्यूजीलैंड के पर्यटक के पैर से खून बहने लगा। जिसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
यह भी पढ़ेंः- UP: डाकघर में लाखों का गबन, क्लर्क ने खाते से उपभोक्ता का नाम हटाकर अपना दर्ज किया; उड़ा दिए 18 लाख
फतेहपुर सीकरी में 21 सितंबर को तुर्की सुल्ताना महल से गिरकर फ्रांसीसी पर्यटक की मौत का मामला ठंडा नहीं पड़ा। बुधवार को अमेरिकी पर्यटक अभद्रता का शिकार हो गई। घटना करीब शाम सवा चार बजे की है। अमेरिका महिला पर्यटक डेनिस विलियम अपने दो अमेरिकी मित्रों व गाइड के साथ फतेहपुर सीकरी स्मारक को देखने पहुंची थी।
स्मारक तक जाने के लिए सीएनजी पार्किंग से बस में चढ़ने के लिए गाइड शाकिर कुरैशी ने टिकट क्लर्क अली को तीन टिकटों के लिए 100 रुपये दिए। एक टिकट 30 रुपये का था। क्लर्क ने 10 रुपये नहीं लौटाए। गाइड ने आपत्ति जताई तो क्लर्क और गाइड के बीच विवाद हो गया। पर्यटक ने मामला शांत कराने की कोशिश की तो आरोप है कि टिकट क्लर्क ने पर्यटक से अभद्रता की।
सीएनजी बस से पर्यटक स्मारक पहुंचे। जहां महिला पर्यटक ने अपने साथ हुए अभद्र व्यवहार का शिकायत दीवान ए आम स्थित टिकट विंडों पर दर्ज कराई। शिकायत पर एएसआई के संरक्षण सहायक दिलीप सिंह ने आगरा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सीएनजी बस पार्किंग का संचालन आगरा विकास प्राधिकरण करता है।