NEET Exam 2023: आगरा में 12 केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा, समय पर नहीं पहुंचे तो गेट मिलेगा बंद
NEET Exam 2023: आगरा में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) के लिए 12 केंद्र बनाए गए हैं। समय पर नहीं पहुंचने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आगरा में नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा। परीक्षा केंद्र में दोपहर 1:30 बजे के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा सात मई को जिले के 12 केंद्रों पर है।
जिले में परीक्षा के समन्वयक सरस्वती विद्या मंदिर, कमला नगर के प्रधानाचार्य कृष्णकांत दुबे ने बताया कि परीक्षा कक्ष में पूर्वाह्न 11 बजे से परीक्षार्थियों को प्रवेश देना शुरू कर दिया जाएगा। दोपहर 1:30 परीक्षा केंद्र का गेट बंद कर दिया जाएगा।
एक घंटी के साथ दोपहर 1:50 बजे परीक्षार्थियों को टेस्ट बुकलेट दे दी जाएगी। 1:55 बजे दो घंटी के साथ टेस्ट बुक से ओएमआर शीट निकालनी होगी। लंबी घंटी के साथ दोपहर 2 बजे से परीक्षा शुरू हो जाएगी। इसके बाद अपराह्न 3 बजे, शाम 4 बजे, 4:30 बजे और 5:05 बजे एक-एक घंटी बजेगी। शाम 5:20 बजे लंबी घंटी के साथ परीक्षा समाप्त हो जाएगी।
प्रवेशपत्र पर हस्ताक्षर परीक्षा कक्ष में ही होंगे
नीट की तैयारी कराने वाले डॉ. ललितेश यादव ने बताया कि परीक्षार्थियों को यह भी ध्यान रखना है कि वह घर से ही प्रवेशपत्र पर हस्ताक्षर करके न ले जाएं। परीक्षा कक्ष में ही कक्ष निरीक्षक के सामने प्रवेशपत्र पर हस्ताक्षर करने होंगे। परीक्षा समाप्ति के बाद प्रवेशपत्र केंद्र पर ही जमा करना होगा। इसलिए प्रवेशपत्र का प्रिंट आउट भी निकालकर रखें। परीक्षा केंद्र पर अपना एक पहचानपत्र भी लेकर जाना है।
आधी बाजू के कपड़े पहनकर परीक्षा देने जाएं
परीक्षा की तैयारी कराने वाले डॉ. अंबरीश अग्रवाल का कहना है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा देने के लिए आधी बाजू वाले कपड़े पहनकर जाना चाहिए। ड्रेस कोड का पालन करना जरूरी है। लड़कों के लिए फुल बाजू की शर्ट या टी-शर्ट, कुर्ता-पायजामा पहनने की मनाही है। जूते ही जगह परीक्षा कक्ष में सैंडिल या चप्पल पहनकर जाना होगा। लड़कियों के लिए भारी-भरकम कढ़ाई वाले कपड़े पहनकर जाना मना है। हाई हील वाले सैंडिल व जूते पहनकर जाने पर भी रोक है।
इन्हें ले जा सकते हैं साथ
परीक्षा की तैयारी कराने वाले जय वर्मा ने बताया कि परीक्षार्थी अपने साथ पारदर्शी पानी की बोतल, 50 मिलीलीटर का हैंड सैनिटाइजर साथ ले जा सकते हैं। प्रवेशपत्र के दूसरे पेज पर निर्धारित आकार का फोटो लगाकर ले जाना होगा।