Agra News: नशे की दवाओं का जखीरा भेजा गया था आगरा से, दो भाइयों समेत 10 के खिलाफ केस दर्ज
आगरा के गोविंद एन्क्लेव चाणक्यपुरी निवासी अनुज गोयल उर्फ काके एवं तिलकधारी के अमित गोयल उर्फ मोटा भाई हैं। ये दोनों भाई हैं और आरोप है कि इन्होंने ही नुनिहाई से लोड कराया था। ये दवाएं बिहार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के लिए ब्लीचिंग पाउडर के बीच छिपाकर भेजी जा रही थीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोरखपुर, बिहार बार्डर और खलीलाबाद में पकड़ी गई नशे की दवाओं का जखीरा आगरा के नुनिहाई मोहल्ले से भेजा गया था। ये दवाएं आगरा के गोयल बंधु की बताई गई हैं। ये लोग ब्लीचिंग पाउडर के बिल पर नशे की दवाओं को बांग्लादेश भेज रहे थे। इन दोनों भाइयों समेत 10 लोगों के खिलाफ बस्ती मंडल में मुकदमा दर्ज कराया है।
बस्ती मंडल के सहायक आयुक्त औषधि नरेश मोहन दीपक ने बताया कि खलीलाबाद, गीडा गोरखपुर और बिहार बार्डर से तीन ट्रक-कंटेनर में फेंसीड्रिल कंपनी के नौ हजार कफ सिरप जब्त किए गए हैं। खलीलाबाद से अल्प्राजोलम, कोडीन, ट्रामाडाल, लुबीजेसिक, पैटोजेसिक की 25 कार्टन दवाएं जब्त की है। इन सभी की कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है। अभी तक 10 लोगों पर मुकदमा कर छह को गिरफ्तार किया गया है। चार फरार हैं।
इनमें से आगरा के गोविंद एन्क्लेव चाणक्यपुरी निवासी अनुज गोयल उर्फ काके एवं तिलकधारी के अमित गोयल उर्फ मोटा भाई हैं। ये दोनों भाई हैं और आरोप है कि इन्होंने ही नुनिहाई से लोड कराया था। ये दवाएं बिहार, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के लिए ब्लीचिंग पाउडर के बीच छिपाकर भेजी जा रही थीं। आगरा से तीन और लोगों के नाम सामने आए हैं, इनके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री विशेष टीम बनाकर कराएं जांच, भेजेंगे पत्र
जिला आगरा केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष आशू शर्मा का कहना है कि कफ सिरप और मानसिक रोग की दवाओं का लोग नशे के लिए उपयोग कर रहे हैं। आगरा से पंजाब, मुंबई, दिल्ली, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा समेत 12 राज्यों में इनकी कालाबाजारी हो रही है। विशेष टीम बनाकर जांच करवाने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र भेजेंगे।
पांच साल में 250 करोड़ की दवाएं जब्त
आगरा में बीते पांच साल में 250 करोड़ रुपये की नकली और नशे की दवाएं जब्त की गई हैं। इनमें सबसे बड़ी कार्रवाई दिल्ली की नारकोटिक्स टीम ने वर्ष 2017 में फ्रीगंज में की। यहां दो गोदाम से 225 करोड़ रुपये की दवाएं जब्त की गई थीं। कमला नगर से अरोरा बंधु, पंकज गुप्ता गैंग भी पकड़ा। इनके यहां से करीब 10 करोड़ रुपये की सरकारी अस्पतालों की दवाएं, नशे की दवाएं जब्त की गईं। सिकंदरा से राजौरा बंधु के यहां से दो करोड़ रुपये की नकली दवाएं भी पकड़ी थीं। इसके अलावा शास्त्रीपुरम, नुनिहाई से भी करीब 13 करोड़ रुपये की दवाएं जब्त की हैं। इनमें काफी दवाएं सैंपलिंग की थीं।