Mathura: यमुना में नहाते समय डूबने लगे सगे भाई, एक को बचाया गया, दूसरे की मौत
यमुना में नहाते समय अचानक दो सगे भाई डूबने लगे। चचेरा भाई बाहर खड़ा था। भाइयों को डूबता देख उसने बचाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के नाविक पहुंचे। उन्होंने प्रयास करके एक को बचा लिया। जबकि दूसरे की मौत हो गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में यमुना में स्नान करते समय दो सगे भाई डूबने लगे। एक को नाविकों ने बचा लिया जबकि दूसरे की मौत हो गई। घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। खबर मिलते ही परिजन व गांव के लोग मौके पर जा पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस गोताखोरों की मदद से उसे ढूंढने में जुटी हुई है।
घटना वृंदावन थाना क्षेत्र के जुगल घाट की है। यहां नौहझील थाना क्षेत्र के बरौठ गांव निवासी दिगंबर सिंह के बेटे सुशील कुमार और आदर्श कुमार अपने चचेरे भाई विष्णु कुमार के साथ वृंदावन घूमने आए थे। सुबह करीब 6.45 बजे वह जुगल घाट पहुंचे। यहां विष्णु और आदर्श यमुना में स्नान करने लगे और सुशील बाहर खड़ा सामान की रखवाली कर रहा था।
पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए
नहाते समय विष्णु और आदर्श पैर फिसलने से अचानक गहरे पानी में चले गए। वह दोनों डूबने लगे। लड़कों को डूबता देख पास में मौजूद एक युवक ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। उसने आदर्श को तो बचा लिया। लेकिन विष्णु गहरे पानी में डूब गया। मौजूद लोगों ने शोर मचाकर उसे बचाने के लिए आवाज लगाई।
घंटों की मशक्कत के बाद नाविकों ने खोजा
चीख-पुकार सुनकर आसपास के नाविक मौके पर पहुंचे। उन्होंने विष्णु को खोजने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद नाविकों ने उसे खोज निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में मातम छाया हुआ है।