कासगंज। भारत की जनवादी नौजवान सभा का बृहस्पतिवार से राज्य सम्मेलन का शुभारंभ मीनाक्षी पैलेस पर हुआ। जनवादी नौजवान सभा के कार्यकर्ता अशोकनगर कार्यालय से जुलूस निकालते हुए बस स्टैंड होते हुए गांधी मूर्ति चौराहा से होते हुए डॉ. अंबेडकर पार्क पहुंचे। बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद मीनाक्षी पैलेस में सम्मेलन के खुले सत्र के साथ शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र ने कहा कि देश में केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण नौजवान बेरोजगार है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने तमाम सार्वजनिक उपक्रमों को निजी हाथों सौंप दिया है, जिसके रोजगार का संकट गहरा रहा है। शिक्षा का बाजारीकरण हो रहा है। शिक्षा महंगी होने से आम आदमी बच्चों को नहीं पढ़ा पा रहा है। जनवादी नौजवान सभा के केंद्रीय कमेटी के सदस्य राधेश्याम ने कहा कि केंद्र व राज्य की सरकारों ने देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने का काम किया है। देश में जगह-जगह धर्म के नाम पर निर्दोष लोगों को मारा जा रहे है। प्रदेश सचिव सत्यभान ने देश के आजाद कराने वाले शहीदों के रास्ते पर चलने को कहा। अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष भारत सिंह ने कहा कि देश के किसानों के सामने कई चुनौतियां हैं। किसान विरोधी नीतियों को चलते किसान परेशान हैं। खेत मजदूर यूनियन के महासचिव बीएल भारती ने कहा कि मजदूरों, किसानों और नौजवानों को एक साथ संघर्ष करने की जरूरत हैं। नौजवान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार, विजय सोलंकी ने संबोधन किया। संचालन राज्य कमेटी के श्रीपाल ने किया। अध्यक्षता जनवादी नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष गुलाब सिंह ने की।