शातिर: ऑनलाइन क्विज गेम की आड़ में सट्टा चलाते 18 गिरफ्तार, गायों के बाड़े में चल रहा था गोरखधंधा
शातिरों ने मनोरंजन कर विभाग से लघु फिल्म दिखाने के नाम पर लाइसेंस लिया था। फिल्म के नाम पर यहां सट्टा कराया जाता था। कहा गया था कि एक लघु फिल्म दिखाई जाएगी। फिल्म खत्म होने के बाद उसका टाइटल पूछा जाएगा। विकल्प के रूप में 0 से लेकर 9 तक नंबर दिए जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में बल्केश्वर स्थित गायों के बाड़े में बने कमरे में ऑनलाइन क्विज गेम की आड़ में सट्टा कराया जा रहा था। पुलिस ने मंगलवार को छापा मारा तो अफरातफरी मच गई। 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें से दो सरगना है, जबकि 16 लोग अपना नंबर आने का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
एसएसपी मुनिराज जी के मुताबिक, सूचना मिली कि बल्केश्वर में श्मशान घाट के पास बाड़े में एक मकान में ऑनलाइन सट्टा कराया जाता है। इसे क्विज गेम का नाम दिया गया है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने दबिश देकर 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सरगना योगेश्वर और नारायण है। वो लक इंडिया के नाम से एक मोबाइल एप चलाते हैं। लोगों को एप पर एक नंबर दिखाया जाता है।
चुनते थे एक नंबर
लोग 112 से एक हजार रुपये तक में एक नंबर चुनते हैं। जिस किसी का नंबर निकलता है, उसे पांच गुना तक रकम दी जाती है। बाकी लोगों का पैसा सट्टे में लगता है। जिन लोगों का नंबर लगाया जाता है, उन्हें पर्ची भी दी जाती है। आरोपी अपने पास किसी तरह का लाइसेंस भी नहीं दिखा सके।
ऑनलाइन क्विज गेम की आड़ में सट्टा पहले भी पकड़ा जा चुका है। इसके लिए मनोरंजन कर विभाग से लाइसेंस लिया गया था। इसके बाद सट्टा कराया जाता था। इसमें कहा गया था कि एक लघु फिल्म दिखाई जाएगी। फिल्म खत्म होने के बाद उसका टाइटल पूछा जाएगा। विकल्प के रूप में 0 से लेकर 9 तक नंबर दिए जाएंगे। गेम खेलने वाला एक नंबर बताएगा। एक घंटे बाद रिजल्ट आएगा। जिसका नंबर निकलेगा उसे इनाम दिया जाएगा। लघु फिल्म अंग्रेजी की होती थी। टाइटल भी अंग्रेजी में आते थे। गेम खेलने रिक्शे वाले और मजदूर आते थे। वह न फिल्म देखते थे, न टाइटल पढ़ते थे। उनके नंबर पर रकम लगा दी जाती थी। दो साल पहले एसटीएफ नोएडा यूनिट ने छापेमारी करके कई लोगों को पकड़ा था। बाद में क्विज गेम को बंद करा दिया गया था।
इनकी हुई गिरफ्तारी
फिरोजाबाद निवासी योगेश्वर, भूड़ का बाग निवासी नारायण, नटराजपुरम निवासी घनश्याम वर्मा, कमला नगर निवासी नंद किशोर, रजवाड़ा निवासी कन्हैया, गुम्मट निवासी प्रमोद, भगवान नगर निवासी रामरूप, भगवान सिंह, बहादुरपुर निवासी रघुवीर सिंह, मेनका पैलेस निवासी विनीत, हाथरस निवासी राकेश, नया बांस निवासी नीरज, गांधी नगर निवासी विष्णु, भैंरो बाजार निवासी गौरव, लंगड़े की चौकी निवासी लक्ष्मी नारायण, बहादुरपुर निवासी मोती, अनुराग नगर निवासी नरेश, ग्वालियर निवासी अमर सिंह शामिल हैं। उनसे बिलिंग मशीन, दो मोबाइल, एक कैलकुलेटर, नौ लक इंडिया समरी रिपोर्ट और 22,200 रुपये बरामद किए गए।
फिरोजाबाद: वायरल-डेंगू से पांच बच्चों समेत सात ने और तोड़ा दम, अब तक 102 मौत