मां तुझे प्रणाम: जश्न-ए-आजादी को शहर तैयार, इस बार पहले से भव्य रूप में होगा कार्यक्रम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमर उजाला के अभिनव अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ में आगरावासी एक बार फिर देशभक्ति के जज्बे से लबरेज होंगे। रविवार को शहर के सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अमर उजाला कार्यालय में हुई बैठक में देशभक्ति के इस यज्ञ में अपनी आहुति देने का संकल्प लिया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि आगरा की जनता 52 सेकंड के महत्व को जान चुकी है। इस बार मां तुझे प्रणाम का आयोजन पहले से भव्य होगा। लोगों ने आयोजन की भव्यता को बढ़ाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
आगरा विकास मंच के अध्यक्ष अशोक जैन सीए ने कहा कि अमर उजाला का मां तुझे प्रणाम का आयोजन देशभक्ति की माला है तो शहरवासी इसके मोती। शहरवासियों को हर साल इस उत्सव का इंतजार रहता है। इस बार भी हमेशा की तरह चौराहों पर 15 अगस्त को सुबह ठीक दस बजे सबसे बड़ा राष्ट्रगान होगा, जबकि शहर के लोग इसमें भागीदारी करेंगे।
आठ साल से शानदार सफर
पूर्व पार्षद मोहम्मद सोहेल कुरैशी ने कहा कि शहरवासियों में स्वाधीनता दिवस पर सुबह ठीक दस बजे राष्ट्रगान करने के लिए अब कमजोर तबके के लोगों को भी जोड़ा जाएगा। उन्हें इसके महत्व से अवगत कराया जाएगा।
आगरा विकास मंच के संदेश जैन का कहना है कि मां तुझे प्रणाम के आठ साल का सफर शानदार रहा है। अगस्त में हर शहरवासी को इस त्योहार का इंतजार रहता है। इस दफा भी सभी इसका इंतजार कर रहे थे।
रामलाल वृद्धाश्रम के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने कहा कि मां तुझे प्रणाम को हमने गांवों तक पहुंचाया है। हर बार वाहन रैली निकाली जाती है। इस बार भी प्रभात फेरी निकाली जाएंगी।
'पुलिस भी करे सहयोग'
जमीअत उलमा-ए-हिंद के मौलाना मोहम्मद उजैर आलम ने कहा कि 15 अगस्त को सुबह 10 बजे चौराहों पर होने वाले राष्ट्रगान के लिए इलाका पुलिस को भी सहयोग करना चाहिए। अब लोग राष्ट्रगान का महत्व समझने लगे हैं।
सांई सेवा समिति संजय सत्यदेव ने बताया कि मां तुझे प्रणाम का अभियान आठ साल से निरंतर चल रहा है। यह नौवें साल में प्रवेश कर गया। अमर उजाला की इस मुहिम में हम सभी साझीदार हैं।
सेवा आगरा के अध्यक्ष मुरारीलाला गोयल ने कहा कि मां तुझे प्रणाम के कार्यक्रम देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देते हैं। संगठन के लोग 52 सेकेंड के संदेश को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएंगे।
'किसान-मजदूरों को जोड़ेंगे'
भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष मोहन सिंह चाहर का कहना है कि मां तुझे प्रणाम को गांव-गांव और चौपालों तक किसान और मजदूरों के बीच ले जाने का काम करेंगे। ताकि 15 अगस्त को सभी लोग एक जगह एकत्रित होकर राष्ट्रगान का हिस्सा बनें।
समाजसेवी सुंदरलाल चेतवानी ने कहा कि अमर उजाला ने राष्ट्रगान के प्रति लोगों की चेतना को जगाया है। स्वाधीनता दिवस छुट्टी का दिन नहीं रह गया है। कई बाजार कमेटियां भी अब नियमित सुबह व शाम को राष्ट्रगान कर रही हैं।
ट्रांसपोर्ट चैंबर के अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि मां तुझे प्रणाम के बैनर एक रूप से होने चाहिए। इस बार चौराहों पर खास सजावट करेंगे। ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर खास आयोजन होगा। समाजसेवी हेमंत भोजवानी ने बताया कि हर बार की तरह सभी लोग स्वाधीनता का जश्न मनाने को तैयार हैं। रुई की मंडी चौराहे पर सजावट के साथ राष्ट्रगान होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
सपा नेता रईसुद्दीन कुरैशी ने कहा कि स्वाधीनता दिवस को उत्सव की तरह मनाने के पीछे अमर उजाला का निरंतर प्रयास है। अब लोग समझ चुके हैं कि राष्ट्रगान के लिए ठीक दस बजे ठहर जाना है।
नारी शक्ति भी जगाएगी अलख
अमर उजाला कार्यालय में महिला संगठनों की बैठक में पीली सेना की शबाना खंडेलवाल, मीरा कटारा, ममता बघेल, सूफिया खान, सिमरन, अराधना की हृदेश चौधरी, अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की डॉ. मधु भारद्वाज, संस्कार भारती की नूतन अग्रवाल ने कहा कि नारी शक्ति भी मां तुझे प्रणाम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगी।
यह अभियान जंग-ए-आजादी के नायकों को स्मरण करने के साथ जश्न-ए-आजादी त्योहार की तरह मनाने के लिए है। महिला संगठन गली-गली इसकी अलख जगाएंगे। शबाना खंडेलवाल और अनुराधा चौधरी ने कहा कि मां तुझे प्रणाम शहर का उत्सव है, इसमें शरीक होना सौभाग्य की बात है, सभी को वर्षभर 15 अगस्त और इस अभियान का इंतजार रहता है।
इन्होंने किया प्रतिभाग
भरत नेगी, सुशील नोतनानी, सगीर अहमद, उपेंद्र वर्मा, मनीष, विमल अरोरा, मुकेश शर्मा प्रधान, गिरीश अग्रवाल, मोहम्मद शाकिर, मोहम्मद कदीर, ब्राह्मण महासभा के दुर्गेश पांडेय, चेतन वर्मा, रवि परमार, आदित्य भारद्वाज, अशोक बंसल, गोविंद बिंदल, इंडिया राइजिंग के नितिन जौहरी, असलम कुरैशी, सुनील जेठी, सुनील कर्मचंदानी, संदीप अग्रवाल, डॉ. आनंद राय, भारत शर्मा, सुमित कुमार आदि ने भी विचार व्यक्त किए।