अमर उजाला पड़ताल: बारिश में तीन लाख लोगों को परेशान करेंगी सड़कें, आठ महीने बाद भी 'बदहाल'
मंगलवार शाम को देखने को मिली जब हल्की बारिश हुई तो इन जगहों पर फिसलन और कीचड़ हो गई। खोदाई के बाद आठ किमी लंबी सड़कें खोदकर छोड़ दी गईं हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में जगदीशपुरा, बोदला, जीवनी मंडी, ताजनगरी में खोदी सड़कें करेंगी करीब तीन लाख लोगों को और परेशान करेंगी। जलनिगम और स्मार्ट सिटी कंपनी ने पानी और सीवर की लाइनों के कारण शहर की सड़कों की खोदाई करने के बाद गड्ढे छोड़ दिए, जो लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रहे हैं। अब मानसून से उनकी मुसीबत और बढ़ जाएगी।
इसकी बानगी मंगलवार शाम को देखने को मिली जब हल्की बारिश हुई तो इन जगहों पर फिसलन और कीचड़ हो गई। खोदाई के बाद आठ किमी लंबी सड़कें खोदकर छोड़ दी गईं हैं। इनमें लोहमंडी-जगदीशपुरा रोड, बोदला-मारुति एस्टेट रोड, जीवनी मंडी और ताजनगरी में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं।
लोहामंडी-जगदीशपुरा रोड
आठ महीने से चार किमी लंबी ये सड़क गहरी सीवर लाइन के कारण खोदकर छोड़ दी गई है। जगदीशपुरा, किशोरपुरा, गढ़ी भदौरिया और इससे सटी गलियों में सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कों पर गिट्टियां भी नहीं बिछाई गई हैं। यहां लोग पहले धूल मिट्टी के गुबार से और अब कीचड़, दलदल से परेशान हैं।
बोदला-मारुति एस्टेट रोड
दस महीने पहले बोदला दरगाह नबी करीम से सीवर लाइन बिछाने के लिए 100 फुट रोड की एक लेन बंद कर दी गई। तब से अब तक मारुति एस्टेट चौराहे तक सीवर लाइन बिछाई जा सकी है। एक ओर का हिस्सा पूरी तरह से खोदाई कर छोड़ दिया गया है, जो धूल, गड्ढों से भरा हुआ है। यहां पैदल निकलना भी मुश्किल है।
जीवनी मंडी रोड
स्मार्ट सिटी कंपनी ने यहां 1200 एमएम व्यास की पानी की लाइन बिछाई थी, लेकिन एक साल से यहां सड़क का निर्माण नहीं कराया जा सका। पेट्रोल पंप के पास पाइपलाइन नीचे करने के चलते काम रुका हुआ है। शाहजहां पार्क से लेकर शमशान घाट तिराहे तक खोदाई ने एक लेन का ट्रैफिक रोक दिया है।
ताजनगरी कॉलोनी
आज से ताजमहल पर्यटकों के लिए खुल रहा है, लेकिन ताजनगरी की सड़कें पानी और सीवर लाइन के लिए खोदी पड़ी है। यहां मिट्टी के ढेर के साथ गड्ढे बिना भरे छोड़े गए हैं। पर्यटक इनर रिंग रोड से आकर इसी रोड से ताजमहल पूर्वी गेट रोड स्थित शिल्पग्राम पार्किंग तक पहुंचते हैं।
25 जून से पहले बनाएंगे सड़कें
लोहामंडी-बोदला रोड पर गहरी सीवर लाइन में कई यूटिलिटी डक्ट निकलने के कारण काम लेट हो गया, जिससे सड़क निर्माण में भी देरी हुई है। सड़कें मोटरेबल कराने के लिए लगातार काम करा रहे हैं। लापरवाही पर मैने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर भी कराई है। कोशिश है कि 25 जून से पहले गड्ढों को भरकर सड़क चलने लायक बना दें। - यदुनाथ सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर, जलनिगम, निर्माण इकाई
बिटुमिन बिछेगी, निर्माण बारिश बाद
जीवनी मंडी से यमुना किनारा रोड के बीच जो सड़कें पानी की लाइन के लिए खोदी गई थीं, उन्हें मोटरेबल कर दिया गया है। बारिश से पहले एक लेयर बिटुमिन की बिछा दी जाएगी। मिट्टी का कॉम्पेक्शन होने के बाद ही सड़क का निर्माण बारिश के बाद होगा। - निखिल टी फुंडे, सीईओ, स्मार्ट सिटी लिमिटेड
छह महीने से सीवर कर्फ्यू
छह महीने से दुकान ठप है। पहले सीवर खोदाई के कारण धूल ने पूरी दुकान के कपड़े खराब कर दिए। कोरोना कर्फ्यू तो एक महीने लगा, पर मेरे लिए सीवर लाइन का कर्फ्यू छह महीने से चल रहा है। - सतेंद्र सिंह, जगदीशपुरा
आठ महीने से बोहनी नहीं
दिवाली के बाद से काम थोड़ा रफ्तार पकड़ा ही था कि सीवर लाइन की खोदाई ने पूरा कारोबार ठप कर दिया। आठ महीने से दुकान पर बोहनी नहीं हो रही। जो पुराने ग्राहक थे, वह धूल मिट्टी, खुदी सड़क के कारण आना छोड़ गए। - अजीत अग्रवाल, बोदला रोड
एक साल से चल रहा काम
जब लॉकडाउन था, तब खोदाई नहीं की गई, अब अनलॉक होते ही एक लेन फिर से बंद कर दी गई। एक साल से पुलिया पर काम चल रहा है, पर पूरा नहीं हो रहा। - प्रदीप कुमार, दहतोरा मोड़
ये भी पढ़ें: हिंसा की साजिश का मामला: शांति भंग के आरोपों से पीएफआई के सदस्य मुक्त, फिर भी रिहा नहीं होंगे
वाह ताज: ऐतिहासिक स्मारक के 'ताले' खुले, ब्राजील की पर्यटक ने सबसे पहले देखा ताजमहल, जानें टिकट और नियम की व्यवस्था