Agra Nikay Chunav Result: भाजपा पर निर्दलीय पड़े भारी, पांचों नगर पालिका में नहीं खुला खाता
आगरा की फतेहपुर सीकरी में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए बसपा प्रत्याशी शबनम बेगम ने भाजपा प्रत्याशी को हराकर जीत दर्ज की। वहीं बाह और शमसाबाद में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।
विस्तार
आगरा जिले की पांच नगर पालिका परिषद में भारतीय जनता पार्टी का खाता भी नहीं खुला। पिछले चुनाव में बाह, फतेहपुर सीकरी और अछनेरा में कमल खिला था। इस बार बाह और शमसाबाद में निर्दलीय जीते। अछनेरा में रालोद, फतेहपुर सीकरी में बसपा और एत्मादपुर में सपा काबिज हुई है। पिछले चुनाव में शमसाबाद और एत्मादपुर में समाजवादी पार्टी की साइकिल चली थी। इस बार एत्मादपुर में सपा ने अपना कब्जा बरकरार रखा, लेकिन शमसाबाद में निर्दलीय जीता।
बाह से निर्दलीय दिवाकर सिंह जीते
नगर पालिका में निर्दलीय दिवाकर सिंह ने भाजपा के सुनील बाबू को 989 मतों से हराया। यहां भाजपा विधायक पक्षालिका सिंह और पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगी थी। निर्दलीय जीते दिवाकर सिंह 2012 में सपा के टिकट पर चेयरमैन बने थे। इस बार यहां सपा, बसपा और कांग्रेस तो अपनी जमानत भी नहीं बचा पाईं। मतगणना शुरू होने से आखिर तक दिवाकर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी पर बढ़त बनाए रखी। कुल 8,730 मत पड़े थे। जिनमें 514 मत निरस्त हुए। 8216 मतों में से निर्दलीय दिवाकर सिंह को 4151 वोट मिले। भाजपा के सुनील बाबू को 3162 मत मिले। सपा के पवन टाइगर को 492, बसपा के अमित गुप्ता को 290 और कांग्रेस के अजय पचौरी को 102 मत हासिल हुए।
ये भी पढ़ें - Agra Nikay Chunav Result: पांच नए वार्डों में खिला 'कमल', बसपा नहीं लग सकी सेंध, मुस्लिम वोट खिसके
अछनेरा में चला ओमवती का हैंडपंप
अछनेरा से अध्यक्ष पद पर राष्ट्रीय लोकदल ने जीत दर्ज की है। यहां रालोद प्रत्याशी ओमवती का हैंडपंप चला। उन्होंने भाजपा की राधा देवी को 751 मतों से परास्त किया। रालोद प्रत्याशी को 4,936 और भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी राधा देवी को 4185 वोट मिले। वहीं सपा के तरुण को 1338 वोट मिले। सुबह मतों की जब गिनती शुरू हुई तो भाजपा और रालोद प्रत्याशी के बीच टक्कर का मुकाबला था। लेकिन दिन ढलने के साथ ही यहां कमल मुरझा गया और रालोद की ओमवती ने जीत का परचम लहरा दिया।
ये भी पढ़ें - Agra Nikay Chunav Result: बसपा ही दे पाई भाजपा को टक्कर, बाकी सब दल हुए ढेर; जानें किसे मिले कितने वोट
एत्मादपुर में सपा की दोबारा जीत
नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हाथी को पछाड़ कर साइकिल ने दौड़ लगाई। यहां से सपा प्रत्याशी सुरेश कुशवाह ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। भाजपा तीसरे स्थान पर सरक गई। पहले चक्र से ही बसपा के गढ़ से साइकिल बढ़त लेकर चलती रही। बीच में दो बार हाथी आगे निकला। इसके बाद साइकिल अंत तक बढ़त बनाए रही और अंत में जीत हासिल की। पालिका अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी डॉ. सुरेश कुशवाह को 5372, बसपा प्रत्याशी सर्वेश बघेल को 4291 और भाजपा के राकेश को बघेल 1634 मत मिले हैं। सपा के डॉ. सुरेश कुशवाह ने 1081 मतों से जीते। वहीं, कांग्रेस के संजय वर्मा को 184, आम आदमी पार्टी की सोनम कुमारी को 248 वोट मिले। निर्दलीय में नरेंद्र कुमार को 48, नवीन को 130, फूल सिंह को 250 वोट मिले। 13 मत नोटा में पड़े। 952 मत निरस्त हुए हैं।
ये भी पढ़ें - Agra Nikay Chunav Result: कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी की जमानत जब्त, हजारों में ही सिमट गए वोट
फतेहपुर सीकरी में बसपा ने छीनी कुर्सी
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए बसपा प्रत्याशी शबनम बेगम ने भाजपा प्रत्याशी राजन देई को 1988 वोटों से हराया। बसपा प्रत्याशी शबनम को 6,809 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी राजन देई को 4,821 और सपा प्रत्याशी गुड्डो हज्जन को 4582 वोट मिले। पिछले चुनाव में यहां कमल खिला था। भाजपा विधायक चौधरी बाबूलाल की कर्मस्थली रही फतेहपुर सीकरी में इस बार हाथी ने कमल से जीत छीन ली। सपा सीकरी में तीसरे नंबर पर रही।
ये भी पढ़ें - Agra Nikay Chunav Result: अध्यक्षों के 8198 वोट निरस्त, मेयर में 3986 ने दबाया नोटा
शमसाबाद में निर्दलीय बने अध्यक्ष
नगर पालिका शमसाबाद के अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी ओमकरन ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी ब्रजमोहन को 300 वोटों के अंतर से हराया। निर्दलीय प्रत्याशी ओमकरन को कुल 9712 वोट प्राप्त हुए। जबकि भाजपा प्रत्याशी ब्रजमोहन को 6412 मत मिले। बसपा से महेश राठौर तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें सिर्फ 262 वोट ही प्राप्त हो सके। निर्दलीय नेत्रपाल को 254 वोट मिले।
ये भी पढ़ें - UP: हेमामालिनी के गढ़ में अरविंद केजरीवाल ने लगाई सेंध, AAP प्रत्याशी ने दर्ज की बड़ी जीत; भाजपाई हैरान