आगरा में पानी के लिए प्रदर्शन: शहीद नगर में तीसरे दिन भी नहीं आया पानी, महिलाओं ने सड़कों पर फोड़े मटके
आगरा में भीषण गर्मी के बीच लोग पानी के लिए परेशान हैं। शहीद नगर क्षेत्र में पानी की सप्लाई न होने से परेशान लोगों ने लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन किया और मटके फोड़े।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में भीषण गर्मी के बीच लोग पानी के लिए परेशान हैं। शहीद नगर में तीसरे दिन भी पानी नहीं मिला। 600 घरों के लोग पानी के लिए परेशान रहे। गुस्साए लोगों ने रविवार को जल निगम के खिलाफ मटके फोड़कर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि समस्या के बारे में बताने पर भी पानी के टैंकर नहीं भेजे जा रहे। भोगीपुरा, पंचकुइयां में लाइन में लीकेज के कारण दूसरे दिन पानी की समस्या रही। जलकल के जीएम ने दावा किया है कि वह लीकेज की समस्या का समाधान कराकर सोमवार की दोपहर तक पानी की सप्लाई शुरू करा देंगे।
शहीद नगर के एक बड़े इलाके में ट्यूबवेल योजना से जलापूर्ति की जाती है। यहां ट्यूबवेल से तीन दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। ट्यूबवेल की मोटर खराब बताई जा रही है। जल निगम टैंकर से आपूर्ति भी नहीं कर रहा है। वार्ड 78 के 600 से ज्यादा घरों के लोगों को रविवार को भी पानी नहीं मिला। गुस्साई महिलाओं और पुरुषों ने शहीद नगर तिराहे पर मटके फोड़कर प्रदर्शन किया।
इसके बाद सभी लोग जलकल विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंच गए। यहां अधिकारियों का घेराव किया। अफसरों के समस्या का समाधान का वादा करने पर लोग वहां से हटे।
उन्होंने बताया कि चार माह से किसी ने किसी कारण से एक-दो दिन बाद पानी की आपूर्ति ठप हो जाती है। पार्षद भी समस्या का समाधान नहीं करा पा रहे हैं। टैंकर भी नहीं आ रहे हैं, जिससे लोग पानी भर सकें। आरओ का पानी महंगा हो गया है।
गंगाजल मिलना चाहिए
शहीद नगर की कांता देवी ने कहा कि शहीद नगर के पास ही गंगाजल की आपूर्ति हो रही है तो यहां भी गंगाजल की आपूर्ति पाइपलाइन से होनी चाहिए। ट्यूबवेल योजना को खत्म करना चाहिए। शहीद नगर के शारिक खान ने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है। आम आदमी कितने दिन तक महंगा पानी खरीद सकता है।
भोगीपुरा, पंचकुइयां में भी नहीं मिला पानी
भोगीपुरा चौराहे पर दो दिन पहले लीकेज हो गया था। इसे रविवार को भी ठीक नहीं कराया गया। लीकेज के कारण आसपास के इलाके में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। भोगीपुरा के रमेश ने बताया कि लीकेज ठीक होने पर ही जलापूर्ति हो सकेगी। दो दिन से इलाके के लोग पानी के लिए परेशान हैं।
आसपास के सबमर्सिबल पंप से पानी लाना पड़ रहा है। पंचकुइयां इलाके में रविवार को भी पानी नहीं आया। यहां शनिवार को भी दिक्कत रही थी। स्थानीय निवासी रीना ने बताया कि जलापूर्ति नहीं होने से दिक्कत बढ़ गई है। रविवार को दोपहर में भी पानी के लिए भटकना पड़ा। वह करीब 500 मीटर दूर से पानी लाईं।