Agnipath Protest: 'अग्निपथ' पर आगरा में अलर्ट, किरावली में करने आए युवाओं के खदेड़ा, शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पुलिस की घेराबंदी
आगरा और मथुरा में हिंसक प्रदर्शन के बाद शनिवार को सुबह पांच बजे से ही फोर्स मुस्तैद है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। रेलवे स्टेशनों पर पुलिस व पीएसी तैनात है। ग्राम प्रधानों का भी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग लिया जा रहा है।
विस्तार
अग्निपथ योजना के विरोध में बीते दिन आगरा और मथुरा में हुए बवाल के बाद पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। सुबह से ही पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ सड़कों पर नजर आए। प्रदर्शन के संभावित क्षेत्रों में पुलिस फोर्स तैनात करने के साथ ही फुट पेट्रोलिंग की जा रही है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में भी पुलिस की घेराबंदी है। पुलिस टीम इंटरनेट मीडिया पर नजर रखे हुए है।
किरावली में युवाओं के खदेड़ा
आगरा के किरावली में सीकरी कोटा रेल मार्ग पर शनिवार पौने दस बजे जैसे ही अग्नीपथ योजना के विरोध में युवाओं की भीड़ को आरपीएफ और पुलिस ने देखा तो जवान अलर्ट हो गए। उन्हें वहां से खदेड़ दिया गया। इसके बाद गेट नं 54 पर तैनात आरपीएफ के जवानों के साथ एसडीएम किरावली, सीओ अछनेरा ने उन्हें वहां भी प्रदर्शन करने का मौका नहीं दिया, उससे पहले ही युवाओं की भीड़ के वहां से खदेड़ते हुए स्थिति पर काबू पा लिया।
फुट पेट्रोलिंग कर रहे अधिकारी
बता दें आगरा में शुक्रवार को युवाओं ने ग्वालियर हाईवे जाम करके पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव कर दिया था, जिसके बाद पुलिस अलर्ट है। शनिवार को सुबह पांच बजे से ही पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी ग्वालियर हाईवे पर पहुंच गए। सैंया चौराहा और आसपास के इलाकों में फुट पेट्रोलिंग की जा रही है। इसके साथ ही जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। आगरा- जयपुर हाईवे, आगरा- दिल्ली हाईवे समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर भी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
सात दिन बंद रहेंगे सेना भर्ती कोचिंग संस्थान और सेना शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान
सेना में अग्निपथ स्कीम का विरोध कर रहे युवाओं को बरगलाने में सेना भर्ती कोचिंग संस्थान और सेना शारीरिक प्रशिक्षण संस्थानों के सबूत मिलने पर शासन की ओर से इन पर विशेष निगाह रखते हुए सतर्कता बरतने के आदेश दिए गए हैं। एसडीएम किरावली अनिल कुमार सिंह ने बताया कि तहसील में स्थित सभी सेना सम्बंधित कोचिंग संस्थान और शारीरिक प्रशिक्षण संस्थान सात दिन बंद रहेंगे और इसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा।