आम बजट 2021: आगरा की महिलाएं बोलीं- बचत पर ब्याज बढ़े... महंगाई पर विराम लगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घरेलू सिलिंडर महंगा होता जा रहा है, डीजल और पेट्रोल की महंगाई रुकने का नाम ही नहीं ले रही है, इनसे घर का बजट बिगड़ रहा है। इस पर भी जैसे तैसे कुछ पैसे की बचत कर बैंक में रखते हैं तो ब्याज दर बहुत कम हो गई हैं। आगरा की महिलाओं ने आम बजट में महंगाई पर विराम लगाने और बचत खातों पर ब्याज दर बढ़ाने की मांग की है।
आवास विकास निवासी गृहिणी मीनाक्षी दुआ का कहना है कि डीजल के दाम बढ़ते हैं तो हर चीज पर असर पड़ता है, क्योंकि ट्रांसपोर्ट का भाड़ा बढ़ जाता है। कोरोना काल में घर का बजट वैसे भी बिगड़ा हुआ है क्योंकि सैनिटाइजर से लेकर मास्क और अन्य चीजों का खर्च अलग से जुड़ गया है। खाने पीने की चीजों के दाम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। हर महीने कुछ पैसा बचत खाते में डालती हूं। अब इसमें ब्याज बहुत कम रह गई है। यह बढ़नी चाहिए।
आमदनी बढ़ी नहीं, खर्च बढ़ गए
बाग फरजाना निवासी ब्रिजलता अग्रवाल ने कहा कि मैं हर महीने घर के खर्च का हिसाब लगाती हूं। पिछले बजट से अब तक की तुलना की जाए तो मेरे घर का खर्च तीन हजार रुपये महीना ज्यादा हो गया है। हमारी आमदनी बढ़ी नहीं है।
सिलिंडर के दाम कम किए जाएं
कमला नगर की शालू जग्गी ने कहा कि रसोई गैस सिलिंडर के दाम कम किए जाने चाहिए। एक साल में 100 रुपये से ज्यादा बढ़ चुके हैं। पेट्रोल और डीजल के रेट भी कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। गीता साहनी ने कहा कि सरकार को ऐसी योजना इस आम बजट में देनी चाहिए जिसमें थोड़ा-थोड़ा पैसा जमा करके लोग बच्चों की पढ़ाई और घर बनाने का इंतजाम कर सकें।
बचत को प्रोत्साहन देना चाहिए
यमुना किनारा निवासी कृष्णा अग्रवाल ने कहा कि सरकार को चाहिए कि बचत को प्रोत्साहन दे। यह तभी मुमकिन है जब बचत पर ब्याज अच्छा मिला। बैंक जिस दर पर कर्ज देते हैं, उससे थोड़ी ही कम बचत खाते पर ब्याज दर होनी चाहिए।
सबको नहीं मिलता महंगाई भत्ता
जयपुर हाउस की मायरा ने कहा कि सरकार अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा देती है लेकिन निजी क्षेत्र में ऐसा नहीं होता है। न ही छोटे व्यापारियों को भत्ता मिलता है, इसलिए जरूरत महंगाई पर विराम लगाने की है।