आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने बृहस्पतिवार को आगरा ऑयल मिल, हाथरस रोड में 2,370 लीटर सोयाबीन रिफाइंड सील किया। खरीद-बिक्री पर रोक लगे होने के बाद भी कारोबार जारी था। यहां से टीम ने सोयाबीन रिफाइंड का एक नमूना भी लिया।
जिला अभिहित अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि चार माह पहले फर्म के सोयाबीन रिफाइंड के नमूने हानिकारक आए थे। इसके बाद रिफाइंड की खरीद और बिक्री पर रोक लगा दी गई थी। एफएसडीए को सूचना मिली कि रोक के बाद भी फर्म में कारोबार जारी है। इसके बाद टीम ने छापा मारा। एक नमूना लेकर बाकी स्टॉक को सील कर दिया। अशोक कुमार के खिलाफ एफआईआर कराई जा रही है। नोटिस देकर स्पष्टीकरण भी मांगा जा रहा है। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम आशीष मौर्य, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवधेश पाराशर, सुरेंद्र गौड़, पारुल सिंह शामिल रहे।