{"_id":"124-55543","slug":"Lucknow-55543-124","type":"story","status":"publish","title_hn":"तो हजार में 101 लड़के रह जाएंगे कुंवारे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तो हजार में 101 लड़के रह जाएंगे कुंवारे
Lucknow
Updated Sun, 31 Mar 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कन्या भ्रूण हत्या और लड़कियों के कुपोषण पर लगाम नहीं लग पा रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि यहां 2011 के आंकड़ों के मुताबिक 1000 लड़कों के मुकाबले 899 लड़कियां हैं। ऐसे में प्रत्येक एक हजार में 101 लड़कों के कुंवारा रह जाने का संकट बढ़ता जा रहा है। कन्या भ्रूण हत्या रोकने के उपायों पर चर्चा करते हुए साझी दुनिया की सचिव प्रो. रूपरेखा वर्मा ने प्रेस क्लब में आयोजित एक गोष्ठी में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन्म के बाद मरने वाले शिशुओं में ज्यादातर कन्या शिशु होती हैं। यही वजह है कि वर्ष 2001 में प्रदेश का लिंगानुपात 916 लड़कियों पर 1000 लड़कों था। सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद वर्ष 2011 में हालात ज्यादा बदतर हो गए। इस समय प्रति हजार लड़कों पर लड़कियों की संख्या केवल 899 है। प्रदेश में कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के लिए कानून को सख्त करने के साथ-साथ समाज में बेटियों की स्वीकार्यता बढ़ाने के उपायों पर साझी दुनिया ने एक प्रस्ताव तैयार किया है। शनिवार को राज्य सरकार के लिए जारी प्रस्ताव पर चर्चा की गई। कार्यक्रम एक्शन एड के सहयोग से हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने उन वजहों को तलाशने की कोशिश की जिनके कारण बेटी को बोझ समझा जाने लगता है। प्रो. रूपरेखा वर्मा ने भ्रूण लिंग जांच को घटते लिंगानुपात की एक बड़ी वजह बताया। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में अल्ट्रासाउंड मशीनें तेजी से लगाई गई हैं, वहां का लिंगानुपात भी घटा है। ऐसे में अल्ट्रासाउंड जांच केंद्रों की नियमित जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्यादातर केंद्र बिना मानक पूरा किए चल रहे हैं जबकि जिम्मेदार अधिकारी उनकी जांच करने की जरूरत ही नहीं समझते। उन्होंने इसके लिए पीसीपीएनडीटी एक्ट का कड़ाई से पालन कराए जाने की मांग की। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि सरकार बेटियों की बेहतरी की योजनाएं चलानी चाहिए। जब तक समाज में बेटियों को बोझ समझा जाता रहेगा वे अनचाही बनी रहेंगी।
विज्ञापन
