{"_id":"15501b2a-de7e-11e2-8462-d4ae52bc57c2","slug":"6-dead-body-found-in-ganga-in-allahabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"इलाहाबाद: गंगा में मिले 6 शव, कई बहते भी दिखे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
इलाहाबाद: गंगा में मिले 6 शव, कई बहते भी दिखे
मेजा (इलाहाबाद)/ब्यूरो
Updated Wed, 26 Jun 2013 10:03 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड की त्रासदी के दस रोज बाद बुधवार को इलाहाबाद के मांडा इलाके में गंगा में कई शव बहते दिखे। खबर पाकर वहां पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए।
विज्ञापन
ग्रामीणों की मदद से छह शव गंगा से नाव में खींच लिए गए। इनमें तीन महिला और तीन पुरुष के हैं। दर्जन भर से ज्यादा शवों को बहकर जाते देखा गया।
अनुमान है कि ये शव उत्तराखंड के केदारनाथ में जान गंवाने वाले लोगों के हैं। शवों को सुरक्षित रखकर इस बारे में उत्तराखंड सरकार को खबर दी गई। सभी गंगा घाटों पर शवों को देखकर निकालने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
मांडा इलाके के कोठरी घाट पर दिन में करीब 11 बजे लोगों ने कई शव बहते देखे। इस बारे में पुलिस को खबर दी गई। उत्तराखंड की विपदा में सैकड़ों लोगों के गंगा में बहने की आशंका के चलते एलर्ट किया गया था इसलिए मांडा एसओ एसएन तिवारी फौरन घाट पर पहुंच गए। फिर एसडीएम मेजा डॉ.बीपी मिश्रा, सीओ ज्ञानंजय सिंह भी पुलिस बल के साथ आ गए।
विज्ञापन
पुलिस दल को देख घाट पर मौजूद मल्लाह नाव छोड़ भाग गए। एसडीएम और सीओ ने कोठरी और जेरा घाट पर पुलिस दस्ते को शव निकालने में लगा दिया। ग्रामीणों की मदद से दोनों स्थानों पर छह शव गंगा से नाव पर खींच लिए। इस दौरान गांववालों ने एक दर्जन से ज्यादा शवों को बहकर आगे जाते देखा।
बरामद छह शवों में तीन महिला और तीन पुरुष के हैं। उम्र 45 से 55 वर्ष के बीच आंकी गई है। उनमें एक महिला के शरीर पर लाल चुनरी थी जबकि एक पुरुष के शव पर बनियान और पैंट। बाकी शव निर्वस्त्र थे। सीओ मेजा ने बताया कि शवों को एसआरएन अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है। उनकी तस्वीर भी ली गई है।
संदेह तो यही है कि ये शव पिछले दिनों केदारनाथ में बादल फटने पर गंगा में बहे लोगों के हैं। उत्तराखंड सरकार को भी खबर दी गई है ताकि मृतकों की पहचान हो सके। सभी गंगा घाटों पर पुलिस और राजस्व कर्मियों की तैनाती कर दी गई है ताकि उत्तराखंड से बहकर आने वाले शवों को निकाला जा सके।