Shimla: ढाबे से बिना पैसे दिए गाड़ी में फरार हुए युवकों ने तोड़ा पुलिस नाका, फिर मचा चोर-चोर का शोर
शिमला जिले के उपमंडल ठियोग के बाईपास में रात करीब 9:00 बजे चोर-चोर का शोर मच गया। लोग घरों से बाहर निकल आए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के उपमंडल ठियोग के बाईपास में रात करीब 9:00 बजे चोर-चोर का शोर मच गया। लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही पलों में पुलिस की गाड़ी भी पहुंच गई। उसके बाद सब शांत हो गया। लोगों को सुबह पता चला कि बाईपास पर राजस्थान नंबर की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। पुलिस थाना ठियोग के प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि रात को गाड़ी आरजे 27 सीबी 7260 में चार युवक मतियाना के साथ लगते किसी ढाबे में खाना खाने के बाद बिना पैसे दिए निकल गए।
इसकी सूचना के बाद पुलिस ने प्रेम घाट के जीरो प्वाइंट पर नाका लगा दिया। इस दौरान एक गाड़ी आई और नाके को तोड़कर निकल गई। उसके बाद पुलिस ने अपनी गाड़ी पीछे लगा दी, लेकिन नाका तोड़ भागे युवकों की गाड़ी बाईपास पर ही अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर से टकरा गई। गाड़ी में चार युवक सवार थे, जिनमें एक रह गया और बाकी गाड़ी से उतरकर भाग गए। भागने वाले युवकों को लेकर भंडारी कॉलोनी में चोर-चोर का शोर मच गया। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया था। उसके बाद पुलिस ने अन्य तीन युवकों को फोन किया तो पता चला कि वे तीनों अपने घरों की तरफ निकल चुके हैं।
क्रैश बैरियर से बची युवकों की जान
गनीमत रही कि सड़क के सुरक्षा इंतजाम को लेकर सड़क किनारे लगाए गए क्रैश बैरियर से युवकों की जान बच गई। वहीं, स्थानीय निवासी हर्षदीप सिंह ने बताया की क्रैश बैरियर न होते तो 70 फीट ऊंचे डंगे से गाड़ी खाई में जा सकती थी। उन्होंने बताया कि पूरे बाईपास में तीखे मोड़ हैं। इस जगह पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। ऐसे में बाईपास पर लोगो को रफ्तार पर लगाम रखनी चाहिए। वार्ड नंबर चार की शुशीला शर्मा उर्फ संजना ने बताया कि रात को शोर सुनकर वह भी घर से बाहर आई थी। पूरी कॉलोनी में चोर-चोर का शोर गूंज रहा था। उन्होंने बताया कि बाईपास पर पुलिस की गश्त रोजाना होनी चाहिए। रात में लोग सड़क किनारे गाड़ियों को खड़ा कर शराब पीते हैं, जिससे पूरे बाईपास पर लड़ाई झगड़े का माहौल रहता है।