{"_id":"67190373cdcefe7f7b017f89","slug":"wrong-bills-will-be-corrected-company-will-issue-fresh-bills-shimla-news-c-19-sml1001-429079-2024-10-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shimla News: गलत बिल होंगे दुरुस्त, नए \nसिरे से जारी करेगी कंपनी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shimla News: गलत बिल होंगे दुरुस्त, नए सिरे से जारी करेगी कंपनी
विज्ञापन
विज्ञापन
पेयजल कंपनी ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
बिल में गड़बड़ी होने पर कंपनी को सूचना देंगे मीटर रीडर
ठीक होने के बाद ही उपभोक्ता को होंगे जारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में पेयजल उपभोक्ताओं को अब पानी के गलत बिल जारी नहीं होंगे। इसके लिए पेयजल कंपनी ने नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।
कंपनी ने इस बारे में मीटर रीडरों को निर्देश जारी किए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है। गलत बिलों को दुरुस्त कर कंपनी नए सिरे से जारी करेगी। यदि किसी उपभोक्ता को गलत बिल जारी हो गया है तो वह हेल्पलाइन नंबर 7807761060 पर इसकी शिकायत दे सकते हैं। शहर में कई उपभोक्ताओं को पानी के गलत बिल जारी होने की शिकायतों के बाद पेयजल कंपनी ने बुधवार सुबह ही बैठक बुला ली। इसमें बिलिंग साफ्टवेयर तैयार करने वाली कंपनी स्वेज इंडिया के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया। एजीएम पीपी शर्मा ने इस पूरे मामले पर स्वेज इंडिया कंपनी से रिपोर्ट ली। इसके बाद फैसला लिया कि जिन उपभोक्ताओं के पेयजल बिलों में गड़बड़ी आ रही है, उन्हें जारी न किया जाए। कंपनी ठीक करने के बाद ही यह बिल जारी करेगी। मीटर रीडरों को अपने वार्ड के ज्यादातर उपभोक्ताओं की पेयजल खपत का पता है। ऐसे में यदि बिल जारी करते वक्त मीटर रीडरों को किसी के बिल में गड़बड़ी आती है तो उसे जारी न किया जाए। रीडर कंपनी को इसकी सूचना देंगे और कंपनी तुरंत इसे ठीक करके जारी कर देगी। स्वेज इंडिया कंपनी ने कहा कि वह इसके लिए पेयजल कंपनी की मदद करेगी ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
इन उपभोक्ताओं के बिल नहीं होंगे जारी
शहर में कई उपभोक्ता ऐसे हैं जिन्होंने पानी की खपत न होने के कारण अपने कनेक्शन प्लग यानि अस्थायी रूप से बंद करवाए हैं। कई उपभोक्ता ऐसे भी हैं जिनकी मासिक खपत शून्य है, इन्हें अभी तक हर माह 110 रुपये मासिक बिल जारी हो रहा था। लेकिन अब नए साॅफ्टवेयर से इन्हें फाल्टी रेट पर 444 रुपये का बिल आ गया। इसकी शिकायतें मिलने के बाद कंपनी ने फैसला लिया है कि मीटर रीडर ऐसे उपभोक्ताओं को बिल नहीं देंगे। रीडर इसकी जानकारी पहले कंपनी को देंगे और बिल दुरुस्त होने के बाद ही उपभोक्ता को देंगे। यदि किसी उपभोक्ता के पास सस्ता कनेक्शन है और उसे अब महंगी दर पर बिल जारी हो रहा है, तो इन्हें भी पहले कंपनी से दुरुस्त करवाया जाएगा। इसके बाद उपभोक्ता को देंगे। यदि किसी उपभोक्ता को गलत बिल जारी हो गया है तो वह हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत देकर इसे ठीक करवा सकते हैं।
विज्ञापन
लोगों को नहीं आने देंगे परेशानी
शहर की जनता को पानी बिल से जुड़ी कोई परेशानी नहीं होने देंगे। मीटर रीडरों को इस बारे में निर्देश दिए जा रहे हैं। रीडर को यदि किसी उपभोक्ता के बिल में गड़बड़ी लगती है तो इसे जारी नहीं किया जाएगा। बिल ठीक करने के बाद ही इसे उपभोक्ता को देंगे।
विज्ञापन
-पीपी शर्मा, एजीएम, पेयजल कंपनी शिमला