Shimla: ग्रेट खली बोले- अधिकारी दस्तावेजों में कर रहे हेराफेरी, पुश्तैनी भूमि खड्ड में बता रहे
मंगलवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में पांवटा साहिब के राजस्व विभाग अधिकारियों पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय रेसलर दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने शिमला में पत्रकारवार्ता में पांवटा साहिब के राजस्व विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पावंटा साहिब के गांव सूरजपुर और भाटांवाली समेत आसपास के क्षेत्र में रहने वाले सौ से अधिक लोगों की जमीनों के दस्तावेजों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। इसमें लोगों की पुश्तैनी जमीन को अब किसी और जगह पर दर्शाया जा रहा है। हैरानी इस बात की है कि जिस जमीन पर लोगों दशकों से खेती-बाड़ी कर रहे हैं, वह जमीन अब बाती खड्ड में बताई जा रही है। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए गठित कमेटी की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप कर नई कमेटी का गठन कर उन्हें और अन्य लोगों को न्याय दिलाने की मांग की है। खली ने बताया कि उनके पिता ने वर्ष 2013 में सूरजपुर गांव में जसवीर कौर से 16 बीघा जमीन खरीदी। उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री करवाई लेकिन अब उनकी कई बीघा जमीन को खड्ड में बताया जा रहा है। जबकि वह वर्तमान में इस जमीन पर काबिज हैं और खेतीबाड़ी कर रहे हैं।
अधिकारियों की ओर से कुछ लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए राजस्व दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा किया जा रहा है। खली ने आरोप लगाया कि पांवटा साहिब में ऐसे अफसर बैठे हैं, जिन्हें लगता है कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। सारा पांवटा साहिब बेच दिया गया है। उनके साथ ही सूरजपुर की रहने वाली परमजीत कौर ने बताया कि उनकी 12 बीघा 16 बिस्वा जमीन है। इस जमीन को हेराफेरी कर किसी ओर के नाम कर दिया गया है और उस पर 14 लाख रुपये लोन भी ले लिया गया है। कागजों में यह लिख दिया गया है कि वह लोग गांव छोड़कर चले गए हैं। वहीं बद्रीपुर भाटांवाली की रहने वाली मनजीत कौर ने बताया कि उनकी यहां 25 बिस्वा जमीन है। अब उनका रास्ता बंद कर दिया गया है। जसवीर कौर ने कहा कि उनकी 7 बीघा 13 बिस्वा जमीन है और वह 30 साल से खेतीबाड़ी कर रही हैं। अब उन्हें कहा जा रहा है कि उनकी जमीन वहां नहीं खड्ड में हैं। सूरजपुर गांव के नंबरदार बलविंद्र सिंह ने कहा कि अब जिन लोगों की यहां पर जमीन बताई जा रही है, उन्होंने कभी उन्हें देखा तक नहीं है। कागजों में जब जमीन खरीदने के बारे में दर्शाया गया है, तब उन्हें न बुलाकर दूसरे गांव के नंबरदार को बुलाया गया है, जो कि नियमों के खिलाफ है।
खली ने उन्होंने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की कि इस मामले की जांच के लिए गठित की गई कमेटी को भी बदला जाए और ईमानदार अधिकारियों की एक नई टीम गठित कर पूरे गड़बड़झाले का खुलासा किया जाए। इस मामले में उन्होंने तहसीलदार पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिलेंगे और जांच की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए प्रशासन की मदद से उन्हें डराया और धमकाया जा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.