विंटर क्वीन 2018 युक्ति पांडे देश के लिए करना चाहती हैं कुछ खास
विंटर क्वीन 2018 युक्ति पांडे देश के लिए कुछ अलग हटकर करना चाहती हैं। देश-विदेश में हिमाचल का नाम रोशन करने के लिए युक्ति कुछ कर दिखाने का जज्बा रखती हैं। पेशे से पत्रकार युक्ति ने ब्यूटी पीजेंट में अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाया है। वह कुल्लू के शमशी क्षेत्र से संबंध रखती हैं।
युक्ति का कहना है कि विंटर क्वीन का ताज उनकी सफलता की पहली सीढ़ी है। आगे भी वह ब्यूटी पीजेंट में भाग लेकर मॉडलिंग में हाथ आजमाएंगी। विंटर क्वीन का सफर बेहद रोमांच भरा रहा। कड़े मुकाबले के बीच ताज मिलने पर यकीन नहीं हो पा रहा है।
विंटर क्वीन फर्स्ट रनर अप एलिक्स चौधरी मॉडलिंग जगत में ही अपना कॅरियर बनाना चाहती हैं। मंडी के बल्ह घाटी की रहने वाली इलिक्स चौधरी सुंदरनगर में सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा कर रही हैं। इससे पहले वह एक ब्यूटी पीजेंट में भी फर्स्ट रनरअप रही हैं।
ये रखती हैं मिस इंडिया बनने की ख्वाहिश
मॉडलिंग को पैशन मानने वाली एलिक्स का कहना है कि वह इस जगत में आगे बढ़ना चाहती हैं। इसके लिए परिवार का पूरा सहयोग मिल रहा है। मिस इंडिया बनने की ख्वाहिश रखने वाली एलिक्स मॉडलिंग क्षेत्र में आगे बढ़कर नाम कमाना चाहती हैं।
विंटर क्वीन सेकेंड रनरअप रहीं शिमला की शिवानी राठौर भी मॉडलिंग क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। शिमला के चौपाल के रहने वाली शिवानी वर्तमान में चंडीगढ़ के एक कॉलेज में बीए साइकोलॉजी की पढ़ाई कर रही हैं।
वह थियेटर आर्टिस्ट, पेंटर भी हैं। कहा कि विंटर क्वीन का सफर बेहद अच्छा रहा। सभी प्रतिभागियों ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन मुझे सेकेंड रनरअप का खिताब मिला। इस मौके को भुनाते हुए आगे भी संघर्ष जारी रखूंगी।