हिमाचल में इस दिन से साफ रहेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी से मिलेगी राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी के बाद मौसम सामान्य होने जा रहा है। सीजन की पहली बारिश तथा बर्फबारी से होटल व्यवसायियों से लेकर किसानों और बागवानों के चेहरे खिल उठे हैं।
पहली बारिश के बाद क्रिसमस और नए साल पर बर्फबारी की उम्मीद बढ़ने के साथ ही धर्मशाला, शिमला, मनाली, कसौली जैसे पर्यटन स्थलों में जनवरी तक होटल पैक हो गए हैं।
प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हुए हिमपात और मैदानी तथा निचले पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले तीन दिन जबरदस्त बारिश बर्फबारी हुई। इससे पारा गिर गया है। वीरवार को कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में हल्की बर्फबारी हुई।
रोहतांग दर्रा में 15 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी
तीन दिन बारिश और बर्फबारी के बाद शुक्रवार से प्रदेश में मौसम एक बार फिर सामान्य हो जाएगा। मनाली की ऊंची चोटियों के अलावा रोहतांग दर्रा में करीब 15 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है।
इसके अलावा सिस्सू में आठ सेमी, कोकसर, मढ़ी और दारचा में दस-दस सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। किन्नौर में बर्फबारी और फिसलन के चलते जिले के आधा दर्जन से अधिक रूट वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल नहीं हो पाए हैं।
शिमला का न्यूनतम पारा दो डिग्री सेल्सियस
जलोड़ी जोत में बर्फबारी होने से यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। आनी और निरमंड क्षेत्र का संपर्क जिला मुख्यालय कुल्लू से कट चुका है। वीरवार को राजधानी शिमला का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री दर्ज किया गया।
इसके अलावा कल्पा में -3.0, केलांग में -6.3, धर्मशाला में 5.6, नाहन में 7.5, डलहऊ जी में 0.7, चंबा में 4.9, बिलासपुर में 7.8, कांगड़ा में 7.7, मनाली में शून्य, सोलन में 4.5 और ऊना में 8.7 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, भुंतर में वीरवार को 1.6 मिलीमीटर, कांगड़ा में 1.4, मनाली में 3.4 और धर्मशाला में 7.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।