ब्यास में पानी ने उफान ने तोड़े रिकार्ड, सिल्ट बढ़ने से बिजली का उत्पादन ठप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश से ब्यास नदी में पानी के उफान के पिछले सारे रिकार्ड टूट गए हैं। सोमवार को ब्यास में 3200 क्यूमेक्स तक जलस्तर दर्ज किया गया। यह अभी तक का रिकार्ड है।
लारजी प्रबंधन का दावा है कि अब तक ब्यास में पानी की यह मात्रा सर्वाधिक है। लारजी डैम में भारी मात्रा में सिल्ट जमा हो गई है। यह 3500 पीपीएम तक पहुंच गई है। रविवार सुबह 4 बजे से बिजली उत्पादन बंद है।
औसतन यहां से 126 मेगावाट तक बिजली नार्दन ग्रिड को सप्लाई होती है। आंकड़ों के अनुसार लारजी जलविद्युत परियोजना में वर्ष 2007 में उत्पादन शुरू किया था।
एनएच भी पानी में डूबा
इससे मंडी तक निचले क्षेत्र बाढ़ की चपेट में हैं। बिजली उत्पादन के लिए डैम में सिल्ट की मात्रा 2000 पीपीएम से अधिक नहीं होनी चाहिए। लारजी जल विद्युत परियोजना के सीनियर एक्सईएन सुनील कुमार ने कहा कि जब तक हालात सामान्य नहीं होते, विद्युत उत्पादन मुश्किल है।
जलस्तर बढ़ने के कारण कई जगह एनएच पर ब्यास का पानी पहुंच गया है। दावड़ा के पास नदी का पानी सड़क पर है। इससे वाहनों की आवाजाही बंद है।रविवार को कुछ देर के लिए यातायात बहाल किया था, लेकिन रविवार सायं जलस्तर बढ़ने के बाद शाम छह बजे से यातायात बंद है।
पौंग बांध का जलस्तर बढ़ा, हाई अलर्ट
भारी बारिश के कारण पौंग बांध का जलस्तर बढ़ गया है। सोमवार को 1390 फीट पर जलस्तर को खतरे के निशान आंका गया है। ऐसे में किसी भी समय पौंग बांध का पानी छोड़ा जा सकता है।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने जिलाधीश कांगड़ा, एसडीएम देहरागोपीपुर, फतेहपुर, इंदौरा सहित शाहनहर के अधिकारियों को सूचित कर हाई अलर्ट जारी किया है।
सोमवार शाम तक डैम का जलस्तर 1385.68 फीट तक पहुंच चुका था। 1390 फीट खतरे का निशान चिह्नित किया गया है। सोमवार को डैम में 1,69,544 क्यूसिक पानी की आवक हो रही है, जबकि 12,478 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है।
उधर, एसडीएम फतेहपुर बलवान चंद ने कहा कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड की सूचना मिली है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे बांध क्षेत्र के आसपास न जाएं।