पानी का ‘सरकारी’ शेड्यूल भी ध्वस्त, फिर फूटा लोगों का गुस्सा, कई जगह चक्का जाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर में पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए जारी किया पानी का ‘सरकारी’ शेड्यूल पहले ही दिन ध्वस्त हो गया। जोन वन के कई इलाकों में सुबह के समय सप्लाई नहीं मिली। कीमैन और नोडल अफसरों को संपर्क किया लेकिन फोन नहीं उठाए।
इस पर जनता का गुस्सा फूट गया। लोग बोले कि निगम ने 12 बजे तक पानी देने का दावा किया था, लेकिन तीन बजे तक पानी नहीं आया है। जहां आया, वहां भी प्रेशर कम होने से लोग दो बाल्टी ही भर पाए।
पानी को लेकर यहां हुआ चक्का जाम
न्यू शिमला थाना, पटयोग के लेन वन और बीसीएस चौक पर लोग सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया। एक साथ तीन जगह प्रदर्शन होने पर पुलिस के भी पसीने छूट गए।
बाद में टैंकर भेजने और दोबारा सप्लाई के भरोसे के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। न्यू शिमला पार्षद कुसुमलता ठाकुर, पटयोग पार्षद आशा शर्मा, कसुम्पटी पार्षद राकेश चौहान ने बताया कि कुछेक घरों में पानी नहीं पहुंच पाया है।
इन इलाकों में नहीं आया पानी
जोन वन में आने वाले आठ वार्डों में मंगलवार को सप्लाई दी जानी थी। सुबह सात से 12 बजे तक कसुम्पटी, पंथाघाटी, पटयोग, कंगनाधार और न्यू शिमला में पानी देने का दावा था।
लेकिन कसुम्पटी के जीवणू और पुलिस कालोनी, न्यू शिमला के सेक्टर चार, पटयोग के सेक्टर वन के लेन वन, लोअर कंगनाधार और पंथाघाटी के शकराला में पानी नहीं आया। चक्का जाम के बाद शाम को कंगनाधार, पटयोग, कसुम्पटी में दोबारा सप्लाई दी गई।
बालूगंज में चक्का जाम, एसडीएम ने किया शांत
बालूगंज चौक पर दोपहर करीब एक बजे लोगों ने यातायात रोक दिया। आठ दिन से पानी न मिलने से परेशान लोगों ने निगम के खिलाफ नारे भी लगाए। बाद में एसडीएम नीरज चांदला और पार्षद किरण बावा के समझाने पर लोग शांत हुए। यहां बुधवार को पानी दिया जाएगा।
नगर निगम की ओर से जारी किए गए नए शेड्यूल से शहर के कई इलाकों में हालात और बदतर हो गए हैं। सरकार के साथ दफ्तर बैठकर निगम के अधिकारियों ने जो शेड्यूल बनाया उससे कई इलाकों में अब नौंवे दिन पानी आएगा।
संजौली के नार्थ ओक, इंद्रनगर, गाहन, नवबहार, संजौली क्षेत्र में अब नए शेड्यूल के अनुसार नौंवे दिन पानी मिलेगा। यहां मंगलवार को सप्लाई होनी थी लेकिन नए शेड्यूल के बाद यहां 31 मई को पानी दिया जाएगा।