केएनएच में पानी के लिए हाहाकार, संक्रमण फैलने का खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नगर निगम की संवेदनहीनता की वजह से कमला नेहरू अस्पताल में मरीजों की जान पर बन आई है। पानी की भारी किल्लत से अस्पताल प्रबंधन जूझ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत आपरेशन थियेटर में आ रही है।
प्रसव के दौरान पानी की बेहद जरूरत होती है। पानी की इतनी किल्लत है कि ऑपरेशन के बाद डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के लिए हाथ धोने तक के लिए पानी तक नहीं है। 24 घंटे केएनएच में आपरेशन थियेटर चलता है।
हर रोज औसतन 10 से 12 प्रसव होते हैं। पानी की कमी के चलते साफ सफाई नहीं हो पा रही है इस वजह से संक्रमण का भी खतरा बढ़ गया है। अस्पताल प्रबंधन बार-बार एमसी से गुहार लगा रहा है लेकिन स्थायी समाधान आज तक नहीं हुआ।
यही हाल पूरे अस्पताल का है। वार्ड और शौचालय की बुरी हालत है। स्पेशल वार्ड में भी पानी की किल्लत है। वीरवार को नगर निगम से पानी की डिमांड की गई तो जवाब मिला आज पानी कैसे दें सप्लाई ही नहीं आई है।
बिना पानी के फैली अव्यवस्था
जब नगर निगम आपातकालीन सेवाओं में ही पानी मुहैया करवाने में नाकाम रहा है तो आम जनता किस हाल में होगी? मरीज आपरेशन थियेटर में कराहते रहे वार्डों में पानी के लिए हाहाकार मचता रहा। पानी न होने से शौचालय बंद हो गए।
ऐसे में हर जगह से अस्पताल प्रबंधन पर पानी मुहैया करने के लिए दबाव बढ़ता रहा। शुक्रवार को फिर कॉल कर नगर निगम से 20 पानी के टैंकर की मांग की गई जवाब वही मिला बस भेज रहे हैं। पहला पानी का टैंकर दोपहर बारह बजे पहुंचा।
वहीं निगम अभियंता विजय गुप्ता ने बताया है कि वीरवार शाम को अस्पताल को पानी की सप्लाई दी गई। शुक्रवार को पानी के तीन टैंकर केएनएच भेजे। सभी टैंकरों की पर्चियां निगम के पास हैं। अस्पतालों में पानी देना प्राथमिकता में होता है।
शुक्रवार सुबह 10 बजे, 12 बजे और 4 बजे टैंकर भेजे गए। अस्पताल प्रबंधन सप्लाई नहीं देने के झूठे आरोप लगा रहा है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डा. एलआर चौधरी ने कहा कि पानी की भारी दिक्कत चल रही है। इस बारे में कई बार लिखित तौर पर नगर निगम को लिखा है। टेलीफोन के जरिये भी कई बार आग्रह किया गया।
उच्च अधिकारियों के ध्यान में भी मामला लाया गया है। पानी की किल्लत की वजह से काफी परेशानियों का सामना स्टाफ और मरीज कर रहे हैं। एमसी से आग्रह है कि अस्पताल की दिक्कत को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर नियमित पानी की सप्लाई हो।