बेकार चीजें जमा करवाओ और मुफ्त में पिज्जा, कॉफी, डिनर का आनंद उठाओ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिला प्रशासन कुल्लू शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिए शनिवार से अनूठी योजना वेस्ट टू टेस्ट कैफे शुरू कर रहा है। योजना का क्रियान्वयन नगर परिषद कुल्लू करेगी। नगरवासियों से घरों में पड़ी बेकार वस्तुओं को देने पर उन्हें कूपन दिया जाएगा। कूपन से उन्हें शहर के अच्छे रेस्तरां में स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। इन व्यंजनों में कॉफी, सिड्डू, आइसक्रीम, पिज्जा, बर्गर एवं परिवार के चार सदस्यों के लिए शानदार डिनर का प्रावधान किया जाएगा।
कूपन धारक व्यक्ति को यह व्यंजन कुबेर फॉस्ट फूड, ज्ञानी आइस क्रीम, बुक कैफे और सिटी च्वाइस होटल से उपलब्ध करवाए जाएंगे। प्रशासन ने शहर को साफ रखने के लिए अनूठी पहल की है। योजना को लेकर शहर के लोगों में भी क्रेज है। इनका मानना है कि लोग लंच, डिनर, पिज्जा और बर्गर आदि के लिए बेकार वस्तुओं को फेंकने की बजाय एमआरफ की साइट सरवरी में जमा करेंगे।
उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा ने कहा कि लोग अपने घरों में अथवा आसपास पड़े कचरे को जमा करवाकर व्यंजनों का आनंद उठाएं। शहर को स्वच्छ बनाने में योगदान दें। इस कचरे को लोग जगह-जगह फेंक रहे हैं। इससे न केवल शहर दूषित हो रहा है, बल्कि जल स्रोतों पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है। कुल्लू-मनाली में हर वर्ष लाखों सैलानी आते हैं। ऐसे में हर व्यक्ति की जिम्मेवारी बनती है कि वह कूड़ा-कचरा हर कहीं न डालें।
इसके आधार पर मिलेगा कूपन
मुफ्त कूपन के लिए सरवरी स्थित एमआरएफ स्थल पर बेकार वस्तुओं को जमा करवाना होगा। कॉफी के लिए तीन किलो कांच, आधा किलो प्लास्टिक, दो किलो गत्ता और एक किलो ई वेस्ट में से कोई एक वस्तु जमा करवानी होगी।
बर्गर सिड्डु तथा मोमो के लिए चार किलो कांच, एक किलो प्लास्टिक, तीन किलो गत्ता और दो किलो ई बेस्ट में से कोई एक वस्तु, लंच अथवा सैंडविच के लिए कांच पांच किलो, प्लास्टिक डेढ़ किलो, चार किलो गत्ता और तीन किलो ई वेस्ट में से कोई एक जमा करवानी होगी। परिवार सहित रात्रि भोज के लिए 10 किलो कांच अथवा तीन किलो प्लास्टिक अथवा सात किलो गत्ता अथवा छह किलो ई कचरा देना होगा।