हिमाचल: अगले 48 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी, अलर्ट जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी हुई है। सूबे के मध्य पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
चेतावनी को देखते हुए शनिवार से शिमला और कांगड़ा में एनडीआरएफ की दो यूनिट तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इन यूनिटों में 40-40 जवान आपदा से निपटने के संसाधनों से लैस होंगे।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक दो और तीन जुलाई को अधिकांश क्षेत्रों में जमकर बारिश होगी। सात जुलाई तक प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा।
भारी बारिश से बंद हुआ हाइवे
शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के चलते कुमारहट्टी में हुए भूस्खलन से नालागढ़-शिमला स्टेट हाईवे-16 तीन घंटे से अधिक समय तक ठप रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा। शिमला की ओर जाने वाले यात्रियों को संपर्क मार्ग मितियां-कुवांरनी से होकर भेजा गया।
उधर, मनाली-किलाड़ मार्ग पर रांगवे नाले में बाढ़ आने से 12 घंटे तक मार्ग ठप रहा। हरे मटर के दर्जनों ट्रक सड़क पर फंसे रहे। शुक्रवार को ऊना में सबसे अधिक 37.8 डिग्री सेल्सियस पारा रिकार्ड किया गया।
शिमला में 25.6, सुंदरनगर में 31.6, भुंतर में 34.5, कल्पा में 25, धर्मशाला में 28.8, नाहन में 28.8, मंडी में 32.4, हमीरपुर में 35.1, बिलासपुर में 34.7, कांगड़ा में 33.1, मनाली में 27.2 और सोलन में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।