CM वीरभद्र बोले- दो आयकर अफसरों ने दी गलत रिपोर्ट, हमारे पास हैं पुख्ता सबूत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में ईडी की ओर से फार्म हाउस अटैच करने के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आयकर विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस, भाजपा से जुड़े दो अधिकारियों ने उनकी संपत्ति का गलत तरीके से आकलन कर ईडी के सामने रिपोर्ट पेश की।
संपत्ति को कई गुना ज्यादा बताया गया। ईडी की कार्रवाई विधानसभा चुनाव से पहले उनकी सार्वजनिक छवि को धूमिल करने का प्रयास है। मुख्यमंत्री ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि फार्म हाउस अटैच करने से पहले उन्हें नोटिस तक नहीं दिया गया।
आंखों का चेकअप कराने के बाद चेन्नई से दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा कि आरएसएस की पृष्ठभूमि के फरीदाबाद के आयकर अधिकारी ने अपने कार्य क्षेत्र से बाहर जाकर इनकम टैक्स चंडीगढ़ से मिले निर्देशों के अनुसार गलत, आधारहीन और मनघड़ंत सर्वेक्षण रिपोर्ट और डोजियर तैयार किया।
इसका उद्देश्य ईडी और सीबीआई को मामले तैयार करने में मदद करना था। उत्तर प्रदेश में भाजपा की विधायक के पति एवं दिल्ली स्थित आयकर अधिकारी को मैपल कंपनी की संपत्ति के आकलन की जिम्मेवारी सौंपी है। उन्होंने जानबूझकर इस संपत्ति का कई गुणा आकलन कर इसे 27 करोड़ रुपये दर्शाया।
सीएम बोले हमारे पास है पुख्ता दस्तावेज
सीएम ने कहा है कि जहां तक फार्म लैंड खरीदने का मामला है, उसे उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह की मैसर्ज मैपल कंपनी ने 1.20 करोड़ में खरीदा था। इसके पुख्ता दस्तावेज हैं। इसके लिए उनके बेटे ने अपने खाते से 90 लाख की अदायगी बैंकों के माध्यम से की और शेष राशि उन्होंने स्वयं व्यक्तिगत जमा पूंजी से दी।
उनके परिवार ने वी चंद्रशेखर से 5.90 करोड़ का ऋण लिया और बहुत समय पहले पूरे ब्याज के साथ वापस किया। केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर मेरी बेटियों की शादी को भी एक अपराध के रूप में पेश किया। मेरे खिलाफ ऐसी कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जैसे यह राजस्व मामला न होकर कोई आपराधिक मामला हो।
कांग्रेस आलाकमान ने मांगी वीरभद्र मामले की रिपोर्ट
कांग्रेस हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी से वीरभद्र मामले की रिपोर्ट मांगी है। हिमाचल प्रभारी अंबिका सोनी ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू से इस बारे में पूछा है कि इस मामले का पार्टी पर क्या असर होने वाला है।
सुक्खू पिछले दिनों नई दिल्ली में थे। वे मंगलवार शाम शिमला लौट आए। वहीं, सीएम वीरभद्र बुधवार सुबह अंबिका सोनी से मुलाकात कर सकते हैं। वे विभिन्न मसलों पर उनसे चर्चा करेंगे
खुर्शीद से की मंत्रणा, अब सिब्बल से मिलेंगे
सीबीआई और ईडी की कार्रवाई के बाद सीएम वीरभद्र सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में वरिष्ठ अधिवक्ता सलमान खुर्शीद से अपने खिलाफ चल रहे केसों पर विस्तृत मंत्रणा की। खुर्शीद खुद सीएम से मिलने उनके निवास स्थान पर गए।
बुधवार सुबह वीरभद्र वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल से भी मुलाकात कर सकते हैं। सिब्बल सीएम के खिलाफ चल रहे मामलों की कोर्ट में पैरवी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री और शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा भी नई दिल्ली में हैं।