हिमाचल को मिला एक और इंटरनेशनल स्टेडियम
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि चायल क्रिकेट मैदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा। देश में उम्दा इंजीनियरिंग विशेषज्ञों से स्टेडियम का स्केच और विस्तारीकरण योजना तैयार करवाई जाएगी।
भव्य और सुंदर स्टेडियम का निर्माण केवल क्रिकेट के लिए ही नहीं बल्कि अन्य खेल स्पर्धाओं के लिए भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री शनिवार को जिला सोलन में अपने तीन दिवसीय प्रवास के दौरान चायल में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इससे पूर्व उन्होंने 2.75 करोड़ रुपये की लागत से तैयार सिविल अस्पताल चायल के भवन का लोकार्पण किया। कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के राजनीतिकरण में विश्वास नहीं रखती। प्रदेश सरकार समाज के विशेषकर कमजोर वर्गों के कल्याण के प्रति वचनबद्ध है और इस दिशा में विशेषकर महिला और लड़कियों के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कदम उठाए गए हैं।
हर स्कूल और घर में शौचालय होगा
प्रदेश सरकार ने इस उद्देश्य को प्राप्त करने के लिए राज्य के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में अनेक विद्यालय और महाविद्यालय खोले हैं, ताकि लड़कियों को घर द्वार के नजदीक बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक पंचायत को ‘निर्मल’ बनाया जाएगा और प्रदेश सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने तथा महात्मा गांधी के संपूर्ण स्वच्छता के सपने को साकार करने के लिए प्रयासरत है।
संपूर्ण स्वच्छता का विचार वर्षों पूर्व महात्मा गांधी ने दिया था और हम यह सुनिश्चित बनाएंगे कि प्रदेश के सभी गांवों, स्कूलों और प्रत्येक घर में शौचालय हो।