गडकरी ने हिमाचल को दी 12 और नेशनल हाई-वे की सौगात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक महीने के भीतर ही हिमाचल को 889 किलोमीटर लंबे 12 और नए नेशनल हाईवे की सौगात दी है। वीरवार को सोलन के गंज बाजार और पुलिस ग्राउंड में आयोजित जनसभाओं में गडकरी ने नए एनएच का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सभी एनएच कंकरीट से बनेंगे।
प्रदेश में अभी 2,630 किलोमीटर लंबाई के राष्ट्रीय राजमार्ग हैं। अगले वर्षों में यहां 50 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। गडकरी ने बीते 6 मई को धर्मशाला में भी सूबे को 1368 किलोमीटर लंबे 17 एनएच की घोषणा की थी। गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने 80 प्रतिशत जमीन अधिग्रहण होने के बाद ही सड़क निर्माण शुरू करने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों की बढ़ोतरी नहीं हो सकी है। हिमाचल पर्यटकों का पसंदीदा स्थल है। यहां अच्छी सड़कें होंगी, तभी युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के मौके मिलेंगे। इस मौके पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा,
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, आयुर्वेद एवं सहकारिता मंत्री कर्ण सिंह, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल, सांसद प्रो. वीरेंद्र कश्यप और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती आदि मौजूद रहे।
सोलन में रखी 2,655 करोड़ की तीन सड़क परियोजनाओं की आधारशिला
परवाणू-सोलन फोरलेन
सोलन-कैथलीघाट फोरलेन
शिमला बाईपास फोरलेन
सड़कों से जोड़े जा रहे सभी गांव: वीरभद्र
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें परिवहन का मुख्य साधन हैं। प्रदेश में वर्तमान में लगभग 35 हजार किलोमीटर वाहन योग्य सड़कें हैं। प्रदेश की 3120 पंचायतें सड़कों से जुड़ चुकी हैं। शेष गांवों को भी शीघ्र सड़क मार्ग से जोड़ा जा रहा है।
285 लाख टन सीमेंट होगा इस्तेमाल
गडकरी ने कहा कि हिमाचल में इस बड़े प्रोजेक्ट में सीमेंट की 168 कंपनियां जुड़ेंगी। इसमें सीमेंट का 120 से 140 रुपये प्रति बैग मिलेगा। करीब 285 लाख टन सीमेंट का इस्तेमाल होगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार चाहे तो उनके विभागों को इसी कीमत पर सीमेंट मुहैया कराया जाएगा।
नए रेल मार्गों की संभावनाएं तलाशेंगी विदेशी कंपनियां
गडकरी ने कहा कि रेलवे निगम के तहत विदेशी कंपनियां हिमाचल में नए रेल मार्गों की संभावनाएं तलाशेंगी। सड़क के अलावा रेल कहां-कहां पहुंच सकती है, इसका सर्वे विदेशी कंपनियों के साथ किया जाएगा। प्रदेश को हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने के भी विकल्प तलाशे जाएंगे।
ये होंगे नए नेशनल हाईवे
1 सनौरा-राजगढ़-नौहराधार-हरिपुरधार-रोहनहाट-जामाली-114 (दूरी किमी )
2 सतौण-रेणूका-ददाहू-जामटा-दोसड़का 58 (दूरी किमी )
3 नालागढ़-दभोटा-बरुणा -बघोरी, खेरतीवाला- मौरा 50 (दूरी किमी )
4 हरीपुरधार-संगड़ाह-रेणुका- 50(दूरी किमी )
5 कंडाघाट- साधुपुल-चायल कुफरी- 57 (दूरी किमी )
6 हरिपुरधार-कुपवी-टराहन- सराहन- चौपाल- 77 (दूरी किमी )
7 सैंज-देहा-चौपाल- नेरवा- फेडुसपुल-110 (दूरी किमी )
8 सोलन-दयोठी- सुबाथू-कुनिहार वाया डुमैहर-पिपलुघाट-धुंदन-भराड़ीघाट- 80 (दूरी किमी )
9 कफोटा- जखाना- जौंगतुनिया-हरिपुर- 57 (दूरी किमी )
10 सनौरा- यशवंतनगर-गौड़ा-डुबलू-जनेड़घाट-चलांडा-जुनगा-मैहली- 80 (दूरी किमी )
11 हाटकोटी- मंढोल- टाऊ- थरोला-कोटखाई- 60 (दूरी किमी )
12 रोहडू-चिड़गांव-लारौट- चांशल-डोडराक्वार- 96 (दूरी किमी )
हिमाचल में दुरुस्त किए जाएंगे ब्लैक प्वाइंट: गडकरी
केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विश्व के बेहतरीन इंजनीनियरों की टीम का गठन करके हिमाचल में ब्लैक प्वाइंट दुरुस्त करवाए जाएंगे। संकीर्ण सड़कों को चौड़ा किया जाएगा, जहां बार-बार हादसे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सड़क हादसों में जान गंवाने वालें की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
न केवल हिमाचली बल्कि बाहरी राज्यों के सैलानी खराब सड़कों का शिकार हो रहे हैं। जो बेहतद चिंता का विषय है। केंद्रीय रिजर्व फंड का 10 फीसदी हिमाचल का बजट इस सर्वे में खर्च किया जाएगा। वह सोलन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि इंजीनियरों की टीम पहले हिमाचल और फिर बाद में तमाम पहाड़ी राज्यों को कवर करेगी, जहां सड़क हादसे बार बार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। विकास में कभी भी राजनीति नहीं होंने देंगे। राष्ट्रीय उच्च राजमार्ग प्राधिकरण के मुख्य महा प्रबंधक डॉ. बीआर सिंगला ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए विभिन्न सड़क परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी से दौड़ेंगे वाहन
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हिमाचल में हाइड्रो इलेक्ट्रिसिटी की अपार संभावनाएं हैं। इस प अनसुंधान की जरूरत है। जिस प्रकार पेट्रोल व डीजल की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है। यह एनर्जी पेट्रोल डीजल का काफी अच्छा विकल्प साबित होगा।
सड़क निर्माण में छोटे ठेकेदार भी होंगे मालामाल
नितिन गडकरी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मांग के अनुरूप यहां सड़क परियोजनाओं के निर्माण में हिमाचल के छोटे ठेकेदारों को भी कार्य प्रदान किया जाएगा। इस दिशा में हिमाचल में एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश में प्री-कास्ट आयरन उद्योग भी स्थापित किया जाए।
अधुनीक तकनीक से हो निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ों में सड़कों का आधुनिक तकनीक से निर्माण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसलिए यह आवश्यक है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता एवं तकनीक के साथ कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस वित्त वर्ष में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 3054 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
खराब मौसम के बीच बिलासपुर में इमरजेंसी लैंडिंग
सोलन से सुंदरनगर जा रहे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हेलीकॉप्टर की मौसम खराब होने के कारण इमरजेंसी लैंडिंग बिलासपुर के लुहणू मैदान में करनी पड़ी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल तथा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती करीब 15 मिनट तक लुहणू मैदान में रुके।
बाद में केंद्रीय मंत्री सड़क मार्ग से सुंदरनगर रवाना हुए। इस दौरान लोगों का भी जमघट लग गया। मौसम खराब होने से रविवार दोपहर बाद केंद्रीय मंत्री के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। एकाएक हुई एमरजेंसी लैंडिंग में प्रशासनिक अमला भी लुहणू मैदान में पहुंच गया।
मूसलाधार बारिश ने धो दी भाजपा की सुंदरनगर रैली
सुंदरनगर के जवाहर पार्क में भाजपा की आभार रैली जोरदार बारिश के कारण धरी की धरी रह गई। रविवार को बारिश के साथ जमकर ओले गिरे। पूरा पंडाल बारिश के पानी से लबालब हो गया। मौसम खराब होने के कारण केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और जगत प्रकाश नड्डा रैली में नहीं पहुंच पाए।
कार्यकर्ताओं को बारिश में भीगते हुए घरों को लौटना पड़ा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने करीब तीन बजे पहुंचना था, लेकिन सवा दो बजे जोरदार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई और ओले भी गिरने लगे। देखते ही देखते पंडाल में पानी भर गया।
लोगों को कुर्सियां सिर पर उल्टी करके रखनी पड़ीं। मौसम खराब होने से केंद्रीय मंत्री का हेलीकॉप्टर सुंदरनगर नहीं पहुंच पाया। रैली में करीब 20 हजार लोग पहुंचे थे। देर शाम जब मौसम साफ हुआ तो पता चला कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व जगत प्रकाश नड्डा सड़क मार्ग से बिलासपुर से सुंदरनगर आ रहे है। यहां पहुंचकर उन्होंने एक संक्षिप्त कार्यक्रम में उद्घाटन और शिलान्यास किया।
सड़क हादसे रोकने को लाई जाएगी बेस्ट टेक्नालॉजी
केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि हिमाचल और अन्य पहाड़ी राज्यों में सड़क हादसे रोकने को बेस्ट टेक्नालॉजी लाई जाएगी। इसके लिए 10 जून को अधिकारियों की बैठक बुलाई है। मौसम खराब होने के कारण केंद्रीय मंत्री
नितिन गडकरी ने बिलासपुर से सड़क मार्ग होते हुए सुंदरनगर पहुंचकर रविवार शाम को ब्वायज स्कूल सुंदरनगर परिसर में नेरचौक से मनाली तक चार फेज में होने वाले फोरलेन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
साथ ही सीआरएफ के तहत मंडी-बजौरा 17.200 किलोमीटर नेशनल हाईवे सड़क का उद्घाटन और दूसरे फेज में 17.200 से 28 किलोमीटर सड़क निर्माण का शिलान्यास किया। बारिश के चलते आनन-फानन में हुए शिलान्यास और उद्घाटन समारोह में
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कीरतपुर से मनाली फोरलेन निर्माण पर नौ हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चार माह में नेरचौक से मनाली फोरलेन का काम शुरू होगा। उन्होंने मंडी-हमीरपुर, संधोल व गद्दीधार सड़क, सुंदरनगर-त्रिफालघाट-भोटा, चैलचौक-जंजैहली-राणाबाग सड़क को नेशनल हाईवे बनाने की भी घोषणा की।