बजट 2019: केंद्रीय बजट में हिमाचल की इन रेलवे परियोजनाओं को मिल सकती है मंजूरी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से आज पेश किए जाने वाले आम बजट में हिमाचल की रेल परियोजनओं के लिए भी कई प्रावधान हो सकते हैं। विशेषकर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के गृह क्षेत्र की ऊना-हमीरपुर रेल लाइन के लिए बजट प्रावधान हो सकता है, जिससे यह परियोजना गति पकड़ सके। यह रेल लाइन लगभग 51 किलोमीटर लंबी बनाई जानी है।
ऊना से हमीरपुर के लिए प्रस्तावित इस रेल परियोजना को पिछले बजट में डाला गया था, मगर इसके लिए महज टोकन बजट ही डाला गया। यह प्रोजेक्ट अभी बहुत ही प्रारंभिक चरण में है। इसे पिछली बार भी केंद्रीय बजट में डालने के पीछे भी अनुराग ठाकुर का योगदान माना जा रहा है। अब चूंकि अनुराग ठाकुर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री हैं तो वह इस योजना के लिए प्रावधान करवा सकते हैं।
इन परियोजनाओं को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद
बजट में संभावित प्रावधानों से हिमाचल के कई अन्य रेल प्रोजेक्टों को भी गति मिल सकती है। हिमाचल में चंडीगढ़ से बद्दी रेल लाइन भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अधर में अटकी है। यह हिमाचल के अलावा हरियाणा में भी बनेगी।
सामरिक महत्व की प्रस्तावित बिलासपुर-लेह रेल लाइन की बेस लाइन भानुपल्ली-बिलासपुर का भी केवल 20 किलोमीटर का ही भू-अधिग्रहण हो पाया है। 63 किमी के इस ट्रैक पर भी भू-अधिग्रहण के लिए हिमाचल केंद्र से बजट की मांग करता रहा है।
25:75 के राज्य और केंद्र सरकार के लागत अनुपात से बनने वाली इस रेल लाइन का भू-अधिग्रहण का ज्यादातर खर्च हिमाचल को ही उठाना है। हालांकि, नंगल-तलवाड़ा रेल लाइन का 100 प्रतिशत खर्च रेलवे उठा रहा है। इसका निर्माण अंतिम चरण में है। इनके अलावा हिमाचल में किसी नई रेल लाइन की भी मंजूरी मिल सकती है।