शिमला में दो सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संदिग्ध हालत में मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
थाना बालूगंज के तहत बडेहरी में दो सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। दोनों के शव गहरी खाई से बरामद किए गए हैं। इनमें एक मोहन सिंह कंवर एसएसबी से सेवानिवृत्त थे और यह सायरी जिला सोलन के रहने वाले थे।
दूसरे उमा दत्त गांव बरोग पंचायत चनोग शिमला के रहने वाले थे यह शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त थे। यह दोनों सोमवार शाम से लापता थे। इनके मोबाइल पर रिंग तो जा रही थी लेकिन कॉल नहीं उठा रहे थे।
काफी कोशिशों के बाद जब इनका कहीं पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर इन्हें खोज निकाला।
मौके पर बुधवार को जुंगा से फोरेंसिक टीम भेजी गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी अस्पताल लाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह का पता चल पाएगा।
गाड़ी सड़क के किनारे खड़ी मिली
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह सोमवार को सोलन में किसी कार्य के लिए साथ गए थे। गुमशुदगी की सूचना के बाद जब उनकी तलाश शुरू हुई तो बडेहरी के पास उनकी गाड़ी सड़क के किनारे खड़ी मिली।
गाड़ी लॉक नहीं थी वह खुली थी। सड़क से नीचे ढांक थी। ढांक में उन्हें ढूंढा गया तो दोनों के शव बीच ढांक में फंसे हुए थे। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया। पुलिस यह भी अंदेशा जता रही है कि शाम को शौच के लिए दोनों गाड़ी से उतरे होंगे और अंधेरा होने की वजह से ढांक के खतरे को नहीं भांप पाए
और संतुलन बिगड़ने पर गिर गए। उधर डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने कहा कि दो शव मिले हैं। यह रिटायर्ड कर्मचारी बताए जा रहे हैं। मौत की असल वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस हर पहलू पर तफ्तीश कर रही है।