हिमाचल में सड़क हादसे, दो लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के सिरमौर और ऊना जिले में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। सिरमौर जिले के शिवपुर-चाढना मार्ग पर पिकअप के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौत हो गई है। पिकअप नंबर-एचपी-71-3342 शिवपुर से चाढना की ओर जा रही थी। इस दौरान टूटवी नाले के पास अनियंत्रित होकर 100 फीट खाई में गिर गई। हादसे में भवाई निवासी पिकअप चालक एवं मालिक गोपाल सिंह (40) की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही संगड़ाह थाना प्रभारी पंछी राम ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया। संगड़ाह अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से गोपाल सिंह के आश्रितों को एसडीएम संगड़ाह अशोक चौहान ने 10 हजार की फौरी राहत प्रदान की। डीएसपी मुख्यालय से मनमोहन सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पिकअप में एक ही व्यक्ति सवार था जिसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ट्रैक्टर की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
ऊना जिल के तलवाड़ा-दौलतपुर चौक मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान 85 वर्षीय हंसराज निवासी पिरथीपुर के रूप में हुई। दौलतपुर के मैन चौक में एक दुकान से हंसराज जैसे ही बाहर निकले तो इसी दौरान तलवाड़ा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी।
दुकानदारों की मदद से घायल हुए हंसराज को एफआरयू अस्पताल दौलतपुर चौक में लाया गया। हंसराज ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। दौलतपुर चौक चौकी प्रभारी एएसआई हरजीत सिंह ने कहा कि जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने मामले की पुष्टि की है।