हिमाचल में स्क्रब टायफस से दो की मौत, अलर्ट जारी
स्क्रब टायफस को लेकर प्रदेश सरकार ने हिमाचल को अलर्ट कर दिया है। बरसात के चलते जलजनित रोग फैलने की आशंका रहती है। ऐसे में सरकार ने मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक को स्क्रब टायफस को लेकर एडवाइजरी जारी कर दवाइयां और बीमारी से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने को कहा है।
प्रदेश में इस बीमारी से अब तक दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 189 लोगों में इस बीमारी की पुष्टि हुई है। अस्पतालों में एक जनवरी से 25 जुलाई तक बुखार से पीड़ित 2322 लोगों की चेकअप किया गया। इनमें 189 लोगों में स्क्रब टायफस के लक्षण पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बिलासपुर में 79, चंबा 6, हमीरपुर 38, कांगड़ा 43, कुल्लू और किन्नौर में 1-1, शिमला 7, सोलन 2, मंडी 13 और सिरमौर में 1 मामले में बीमारी की पुष्टि हुई है।
डेंगू की चपेट में भी आए 29 लोग
शिमला और मंडी में 1-1 व्यक्ति की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने बताया कि बरसात में जनजनित रोग फैलने की आशंका रहती है। ऐसे में सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को बुखार आने पर अस्पताल में चेकअप करने की सलाह दी है। हिमाचल में इस साल डेंगू की चपेट में भी 29 लोग आ चुके हैं। सबसे ज्यादा लोग कांगड़ा में इसकी चपेट में आए हैं।
कुल 615 लोगों ने डेंगू की आशंका पर टेस्ट करवाए। 24 जुलाई को 10 लोगों ने टेस्ट करवाया। इनमें से एक पॉजिटिव पाया गया। डेंगू के सबसे ज्यादा मामले सोलन जिले में 18 सामने आए। कांगड़ा में सात, आईजीएमसी शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर, शिमला और मंडी में एक-एक मामले आए हैं। हालांकि, अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है।
स्क्रब टायफस के लक्षण
- तेज बुखार 104 से 105 डिग्री तक
- जोड़ों में दर्द, कंपकपी के साथ बुखार
- अकड़न या शरीर का थका हुआ लगना
- अधिक संक्रमण, गर्दन, बाजुओं के नीचे कूल्हों के ऊपर गिल्टियां होना