दूसरे को बचाने उतरा और खुद भी गंवा बैठा जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुएं में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। कुएं में आक्सीजन कम थी और जहरीली गैस भी थी। मामला हिमाचल के सोलन जिले का है। बीबीएन में हरेरायपुर के शिव मंदिर परिसर में एक गहरे कुएं में गिरने से दो युवकों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि देर शाम एक युवक पानी भरने गया था, उसकी पत्नी भी उसके साथ थी।
वह कुछ दिन से बीमार चल रहा था। कुएं में आईपीएच द्वारा पानी की पाइप बिछाने का काम किया जा रहा था। बीमार युवक पाइप को देखने लगा और चक्कर खाकर उसमें गिर गया। उसे बचाने की कोशिशें होने लगी।
तभी अचानक एक अन्य युवक उसे बचाने के लिए कुएं में उतर गया। कुएं में आक्सीजन कम थी और जहरीली गैस भी थी। ऐसे में दोनों फंस गए। सूचना दमकल विभाग और 108 एंबुलेंस को दी गई।
मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के जवानों ने कड़ी मशक्कत के करीब आधे घंटे के बाद दोनों युवक को बाहर निकाला। 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
इससे पहले भी बीबीएन में कुएं में गिरकर कई लोगों की जानें जा चुकी हैं। अभी हाल में ही एक बुजुर्ग दंपत्ति में से पति के कुएं में गिर जाने से मौत हो गई थी। कुएं में जहरीली गैस भर हाने के कारण बुजुर्ग की मौत हुई थी।
दूसरे की जान बचाते खुद जिंदगी से हार गया संदीप
कुएं में सुनील को गिरता देख किसी की भी उसे बचाने की हिम्मत नहीं हुई। लेकिन युवा संदीप का हौसला ही था कि वह दूसरे की जिंदगी बचाने के लिए खुद को मौत में मुंह में डालकर कुएं में उतर गया। इस नौजवान का बेशक यह प्रयास काम नहीं आया, लेकिन दूसरे की जान बचाने के इस बुलंद हौसले को सलाम है।
गांव के लोग शिव मंदिर के पास एकत्र थे। दो जिंदगी कुंए में फंसी थी। लेकिन घुप अंधेरे और कुएं में जहरीली गैस के चलते रेस्क्यू काफी मुश्किल था। हालांकि प्रयास किए गए, लेकिन यह प्रयास अगर थोड़ा पहले किए होते तो शायद दोनों की सांसे बच सकती थी। हालांकि रेस्क्यू काफी मशक्कत से हुआ, लेकिन यह रेस्क्यूू कुएं में गिरे युवकों की जान नहीं बचा सका।
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर ली है। दोनों बिहार निवासी थे। कुएं में चक्कर खाकर गिरने वाले की पहचान सुनील कुमार (35) गांव बैरकुनैहता थाना कियोटी, जिला दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। वहीं उसे बचाने के लिए उतारे 20 वर्षीय युवक की पहचान संदीप पुत्र शिवकुमार गांव जगतपुर थाना रहीका जिला मधुबनी बिहार के रूप में हुई है।
एसएचओ फिरोज खान ने दोनों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक चरण की जांच में पता चला है कि एक युवक कुंए में चक्कर खाकर गिर पड़ा। दूसरे उसे बचाने के लिए उतरा लेकिन वह वहीं फंस गया और दोनों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दोनों का पोस्टमार्टम वीरवार को होगा।