बेकाबू ट्राले ने मचाया कोहराम, गाड़ियों को मारी टक्कर, कई घायल
शिमला के हसन वैली के पास बेकाबू ट्राले ने कोहराम मचाया। अनियंत्रित होने के बाद यह गाड़ियों को टक्कर मारता रहा। इसमें कई लोग जख्मी भी हुए हैं। ये लोग गाड़ियों में सफर कर रहे थे। ट्राले ने कई गाड़ियों को आगे से तो कई गाड़ियों को सामने से टक्कर मारी।
इस दौरान सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों ने इधर-उधर छलांग लगाकर जान बचाई। कुछ ही दूरी पर ट्राला सड़क से नीचे लटक गया। ट्राला छराबड़ा की उतराई पर अचानक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण ट्राला अनियंत्रित हो गया था।
छराबड़ा से लेकर हसन वैली तक ट्राले ने तांडव मचाया। कई गाड़ियां इसके चपेट में आने से बचीं। कई ड्राईवरों से सूझ बूझ से ट्राले से अपनी गाड़ियों को दूर रखा। हसन वैली के पास ट्राला सड़क से बाहर हो गया। ट्राले में ड्राइवर फंसा हुआ था।
इसे बटालियन अफसर (होमगार्ड) आरपी नेंटा ने स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला। इसे काफी चोटें लगी हैं। इसे उपचार के लिए आईजीएमसी भेज दिया गया है। ढली पुलिस ने मौके पर आकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
गाड़ियों को टक्कर मारते हुए हुआ दुर्घटनाग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्राला शिमला की ओर आ रहा था। छराबड़ा के समीप ड्राइवर इस पर से नियंत्रण खो बैठा। अंदेशा जताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ। हसन वैली तक कई गाड़ियों से टकराता हुआ ट्राला हसन वैली में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों में आरपी नेंटा ने कहा कि वह भी गाड़ी में कार्यालय के काम से चौपाल जा रहे थे। जब वह हसन वैली पहुंचे तो वहां धूल का गुबार था और सड़क पर धूल के अलावा कुछ नजर नहीं आ रहा था।
उन्होंने कार को सड़क के किनारे रोका और नीचे उतरे। आगे जाकर उन्होंने देखा कि ट्राला सड़क से नीचे लटका हुआ है और उसमें ड्राइवर फंसा हुआ है। इसे सुरक्षित बाहर निकालना आसान नहीं था। उसी दौरान उन्होंने एक रस्सी कार से निकाली और वहां मौजूद लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे निकाल लिया।
उधर, मौके पर पहुंची ढली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घायल ड्राइवर का आईजीएमसी में इलाज चल रहा है। इसकी स्थिति में सुधार आने के बाद उसके बयान लिए जाएंगे।