POLITICS: वीरभद्र बाली की फिर ब्रेकफास्ट डिप्लोमेसी
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और परिवहन मंत्री जीएस बाली के बीच चल रहे मनमुटाव को खत्म करने के लिए फिर से ब्रेकफास्ट डिप्लोमेसी हुई। सुबह-सुबह ही बाली सीएम से मिलने के लिए पहुंचे।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और परिवहन मंत्री जीएस बाली की फिर से ब्रेकफास्ट डिप्लोमेसी हुई। मंगलवार सुबह सवेरे ही परिवहन मंत्री जीएस बाली ने सीएम वीरभद्र सिंह से हॉली लाज जाकर भेंट की। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने वीरभद्र सिंह के साथ नाश्ता किया और इस बीच दिल खोलकर कई बातें कीं।
वर्दी घोटाले में एफआईआर दर्ज करने से किया इंकार
अब बाली ने एक बार सीएम के निजी निवास हाली लॉज जाकर वन-टू-वन बात की है। इस मुलाकात के बाद जीएस बाली ने आनन-फानन में दोपहर बाद ढाई बजे राज्य सचिवालय में भी प्रेस वार्ता की।
इसमें उन्होंने कथित वर्दी घोटाले में एफआईआर दर्ज करने से इंकार करते हुए ऐसा करने के लिए मुख्यमंत्री के ही नियंत्रण के शिक्षा विभाग को कार्रवाई करने को कहा।
उल्लेखनीय है कि लंबे समय से बाली अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले बैठे हैं। इस कारण सीएम और बाली के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है।