देखें वीडियो: अपनों ने छोड़ा साथ तो वृद्धाश्रम में मिला हमसफर, 75 के कन्हैया ने 63 वर्ष की सबीना से रचाई शादी
बिलासपुर के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने शादी कर जीवन की नई शुरुआत की। मंडी के कन्हैया और कोलकाता की सबीना की मुलाकात वृद्धाश्रम में हुई थी। दोनों ने एक-दूसरे के साथ शेष जीवन बिताने का फैसला किया। पढ़ें पूरी खबर और देखें वीडियो...
विस्तार
जिंदगी के सफर में जब अपनों का साथ छूट गया तो दो अनजान चेहरों ने एक-दूसरे में अपना हमसफर तलाश लिया। उम्र के इस पड़ाव पर 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवन की नई शुरुआत की है। बुधवार को बिलासपुर जिले के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में दोनों पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंध गए। शादी समारोह में मंगलगीत गूंजे और आश्रम में खुशियों का माहौल रहा।
मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के रहने वाले कन्हैया लाल पिछले करीब साढ़े तीन साल से अपना घर वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। उनकी पत्नी और बच्चे नहीं हैं। उनके पास करीब दो से ढाई बीघा जमीन और दो कमरों का मकान था। उन्होंने यह संपत्ति अपने भाइयों के नाम कर दी थी, लेकिन उनके अनुसार बाद में भाइयों ने उनकी देखभाल नहीं की। कन्हैया लाल लोक निर्माण विभाग में नियमित कर्मचारी रहे हैं और वर्ष 2000 में सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें वृद्धाश्रम में सहारा मिला।
63 वर्षीय सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं। जीवन की परिस्थितियों के चलते वह भी अपनों से दूर हो गईं। दयोली स्थित वृद्धाश्रम में उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच विश्वास और अपनापन बढ़ा। आखिरकार दोनों ने जीवन का शेष सफर एक-दूसरे के साथ बिताने का फैसला कर लिया।
विवाह की खुशियां आश्रम में मंगलवार शाम से ही शुरू हो गई थीं। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार दूल्हा-दुल्हन को हल्दी लगाई। इस दौरान ढोलकी की थाप पर मंगलगीत गाए गए। बुधवार सुबह जयमाला की रस्म हुई और इसके बाद विवाह की अन्य रस्में पूरी की गईं। पहले दोनों का कोर्ट मैरिज करवाने की योजना थी, लेकिन बाद में आश्रम प्रबंधन ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह करवाने का निर्णय लिया। इस समारोह में कन्हैया लाल के गांव से भी दो-तीन लोग शामिल हुए। इनमें वे लोग भी थे, जिन्होंने शुरुआत में उन्हें रेस्क्यू कर वृद्धाश्रम पहुंचाया था। हालांकि, दोनों के परिवारों से किसी के विवाह समारोह में शामिल होने की संभावना नहीं थी।
विवाह के बाद कन्हैया लाल और सबीना को नालागढ़ स्थित मानव सेवा ट्रस्ट के नए वृद्धाश्रम में भेजा जाएगा। वहां दोनों के एक साथ रहने की व्यवस्था की गई है। दोपहर करीब तीन बजे दयोली आश्रम से उनकी विदाई होनी थी। अपना घर वृद्धाश्रम दयोली के संचालक प्रकाश चंद बंसल ने बताया कि विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। दोनों की नई जिंदगी की शुरुआत के लिए आश्रम में विशेष व्यवस्था की गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
